बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एफआरटी में कार्यरत एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने डिस्कॉम और एफआरटी टीम के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बालोतरा जिले के बायतु उपखंड में नौसर ग्राम पंचायत के बिजली विभाग और एफआरटी टीम की घोर लापरवाही से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एफआरटी टीम में कार्यरत जुगताराम पुत्र नेनाराम बिजली लाइन में आए फॉल्ट को सुधारने के लिए अपने सहकर्मी मूलाराम के साथ मौके पर गया था। दोनों ने बायतु के डिस्कॉम सब स्टेशन पर औपचारिक रूप से शटडाउन की सूचना देकर काम शुरू किया था लेकिन कुछ देर बाद अचानक लाइन में बिजली सप्लाई चालू कर दी गई।
ये भी पढ़ें: Jhunjhunu News: झुंझुनू जिले का जवान जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक के दौरान हुआ शहीद, कल निकलेगी अंतिम यात्रा
तेज करंट की चपेट में आते ही जुगताराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों और सहकर्मियों ने आनन-फानन में लाइट सप्लाई बंद करवाई और इसके बाद उसे तुरंत बायतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में जुट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि डिस्कॉम कर्मियों की लापरवाही और असावधानी के चलते यह दुर्घटना हुई है। परिजनों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे परिवार का कमाऊ सहारा मौत के मुंह में चला गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया है। उनकी मांग है कि दोषी डिस्कॉम अधिकारियों और एफआरटी कर्मियों को के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मृतक जुगताराम के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, ताकि उनके जीवन-यापन का सहारा बन सके। घटना की सूचना मिलते ही बायतु पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।