बाड़मेर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे 68 पर बाछड़ाऊ गांव की सरहद के पास एक कार अचानक सामने आए ऊंट से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर शहर निवासी पारसमल जैन अपने बेटे नरेश कुमार और पोते संजय के साथ रामजी की गोल से कार में सवार होकर बाड़मेर लौट रहे थे। इसी दौरान बाछड़ाऊ के समीप हाईवे पर अचानक एक ऊंट उनकी कार के सामने आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की छत के परखच्चे उड़ गए और वाहन हाईवे से नीचे जा गिरा।
पढ़ें: 42 अंडों के साथ कोबरा सांप का किया गया सफल रेस्क्यू, फिर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पारसमल जैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे और पोते का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पारसमल जैन समाज में भामाशाह के रूप में जाने जाते थे। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए। धोरीमना थानाधिकारी बगडूराम ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो के घायल होने की पुष्टि हुई है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।