जिले के झिनझिनियाली क्षेत्र में सामने आए महिला हत्याकांड ने अब और गंभीर मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर संदिग्ध हालात में हुई मौत अब स्पष्ट रूप से हत्या साबित हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 50 वर्षीय हथु देवी की हत्या सिर में गोली मारकर की गई थी। यह वारदात झिनझिनियाली गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर बीरे की ढाणी स्थित खेत पर बने घर में हुई।
डॉक्टरी जांच में सामने आया कि मृतका के सिर में दाहिनी आंख के ऊपर गहरा छेद था, जहां बारूद के स्पष्ट निशान भी पाए गए। इससे यह आशंका मजबूत हो गई है कि हमलावर ने बेहद नजदीक से टोपीदार बंदूक से फायर किया। गोली इतनी नजदीक से चलाई गई कि मौके पर ही महिला की मौत हो गई। यह भी माना जा रहा है कि वारदात के समय महिला सो रही थी, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार को जैसलमेर के जवाहिर चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्रित हुए। सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।
मृतका का पति अमराराम, जो बालोतरा-बायतु क्षेत्र का निवासी है, घटना के समय एक शादी समारोह में गया हुआ था। वह बुधवार दोपहर जब अपने खेत स्थित घर लौटा तो पत्नी का शव खून से सना हुआ मिला। इस हृदय विदारक दृश्य ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: फर्जी दस्तावेजों से नौकरी का खेल, नकली डिग्री तैयार कराने वाला अहम आरोपी एसओजी के शिकंजे में
अमराराम की रिपोर्ट पर झिनझिनियाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमें गठित कर जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है।
मामले में एक और अहम मोड़ तब आया जब पहले गायब बताया जा रहा ट्रैक्टर कुछ किलोमीटर दूरी पर बरामद हो गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने भ्रम फैलाने की कोशिश की हो सकती है। हालांकि अब भी पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे लूट, पुरानी रंजिश या कोई अन्य साजिश रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला की हत्या मंगलवार देर रात की गई मानी जा रही है। घर में जबरन घुसने के स्पष्ट निशान नहीं मिलने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमलावर महिला की दिनचर्या और स्थिति से भली-भांति परिचित था।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस निर्मम हत्या ने न केवल एक परिवार को तोड़ा है, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।