राजस्थान के जैसलमेर में रविवार सुबह कोहरे का कहर देखने को मिला। यहां सोनू गांव के पास रविवार सुबह जैसलमेर की ओर जा रहे एक सेना के ट्रक की टर्बो गाड़ी से भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर में पांच जवान घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सेना के ट्रक में दो दर्जन से भी अधिक जवान सवार थे और सोनू गांव के पास एक होटल पर चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान कोहरे के चलते जैसमलेर से आ रहे एक टर्बो गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े सेना के ट्रक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे सेना के पांच जवान घायल हो गए। वहीं, इस हादसे में टर्बो चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनू गांव के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मदद करने के लिए कार्रवाई शुरु कर दी। इसी बीच पुलिस और सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायल जवानों को जैसलमेर जिला अस्पताल स्थानांतरित किया गया है। जहां पर फिलहाल घायल जवानों का इलाज किया जा रहा है। यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटा दिया गया है।
घायल जवानों के हाल जानने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित सेना के आला अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे हैं। डॉक्टरों की टीम जवानों के इलाज में जुट गई है। बताया जा रहा है कि घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल टर्बो चालक को जोधपुर स्थानांतरित किया गया है।