यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को जयपुर में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आज देश में वोट चोरी सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है, और यही सत्ता में आने का जरिया बन गया है। चिब ने स्पष्ट कहा कि यूथ कांग्रेस अब इस पर रोकथाम के लिए हर स्तर पर कदम उठाएगी।
‘राहुल गांधी ने उठाई थी सही समय पर आवाज’
चिब ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे पर सही समय पर लोगों की पीड़ा को सामने रखा है। लेकिन सरकार और चुनाव आयोग दोनों ने इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम लगातार बेरोजगारी और टैक्स की मार से जूझ रहे लोगों की आवाज उठाते हैं, लेकिन सत्ता पक्ष इन मुद्दों से मुंह मोड़ लेता है, क्योंकि उन्हें जनता के वोट नहीं बल्कि वोट चोरी से सत्ता हासिल करनी है।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि चुनाव आयोग के सदस्यों की नियुक्ति बिना विपक्ष और मुख्य न्यायाधीश की समिति के की गई। उनके अनुसार, बैक डोर से हुई इन नियुक्तियों ने आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चिब ने आरोप लगाया कि आयोग अब सत्तारूढ़ दल का पिट्ठू बन चुका है और खुद वोट चोरी में शामिल है। उन्होंने कहा कि अगर यह स्थिति जारी रही तो यह लोकतंत्र ही नहीं बल्कि संविधान के लिए भी बड़ा खतरा होगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: ग्राफिक्स से समझें माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना, PM मोदी रखेंगे बिजलीघर की आधारशिला
राजस्थान में यूथ कांग्रेस की रणनीति
राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष और संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि प्रदेश में संदेहास्पद बूथों पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। हर बूथ स्तर पर मतदाता की जांच सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
बैठक में शामिल रहे कई पदाधिकारी
जयपुर दौरे के दौरान चिब ने राजस्थान युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लिया। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रभारी विकास छिकारा, सह प्रभारी कपिल देसाई, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सुधींद्र मूंड, यशवीर सूरा, राष्ट्रीय सचिव राकेश मीणा, चंद्रकला नागौरी, मान सिंह राठौड़, राष्ट्रीय संयोजक राहुल खान, प्रदेश उपाध्यक्ष अरबाब खान, मीडिया उपाध्यक्ष उज्ज्वल शर्मा और प्रदेश सचिव जसविंदर चौधरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: सरकारी कर्मचारी ने क्वार्टर में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में उड़ेला दर्द- मुझे चाय का कप समझा