सार
Rajasthan Weather: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से कई जिलों में बादल, आंधी और हल्की बारिश दर्ज हुई। 23-24 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 25-26 मार्च को नए सिस्टम से कुछ स्थानों पर फिर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में लगातार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रविवार (22 मार्च) को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। जैसलमेर और फलोदी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
बाड़मेर, जालोर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और जोधपुर सहित कई शहरों में बादलों के बीच हल्की धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं, फलोदी के देचू और जैसलमेर के पोकरण क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई।
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में मौसम शुष्क रहा, हालांकि दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने से धूप का असर कम रहा।
तापमान की बात करें तो जयपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि बाड़मेर 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। जोधपुर, कोटा और अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया।