प्रदेश में आज 9 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें झालावाड़, कोटा और बारां में अति भारी बारिश तथा शेष में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम जो मजबूत होकर वेलमार्क लो-प्रोशर सिस्टम में बदल गया था, वह अब और स्ट्रॉन्ग होकर डिप्रेशन में तब्दील हो गया है। इस सिस्टम का असर शनिवार से राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी जिलों में देखने को मिलेगा। इसके असर से शनिवार 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन दिन कई जगह भारी से अतिभारी बारिश होने की आशंका जताते हुए इन संभागों के जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- ये सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। ये सिस्टम अभी उड़ीसा-झारखंड से आगे आ चुका है। इस सिस्टम के असर से मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश के साथ-साथ राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में सर्वाधिक असर 27 से 29 जुलाई के मध्य देखने को मिल सकता है। इस दौरान कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में अतिभारी बरसात होने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन को अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें: Jhalawar School Collapse: ‘बच्चे कहते रहे कि छत गिर रही, पर मैडम ने लगा दी कुंडी’, झालावाड़ हादसे में खुलासा
जयपुर के चाकसू में एक इंच बरसात
राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर, श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, बारां के एरिया में हल्की से मध्यम बरसात हुई। राजधानी जयपुर के पास चाकसू एरिया में सबसे ज्यादा 25MM बरसात दर्ज हुई। श्री गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में 10MM से भी कम बरसात दर्ज हुई। मानसून के इस सीजन में राजस्थान में अब तक औसत से कुल 98 फीसदी ज्यादा बरसात हो चुकी है। सामान्यत: राज्य में 1 जून से 24 जुलाई तक 174MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 344.2MM बारिश हो चुकी है।
इधर प्रदेश में वर्षा जनित हादसों में लगातार लोगों की मौतें हो रही हैं। धौलपुर में बारिश के कारण शेरगढ़ किले की दीवार भरभराकर ढह गई। उधर भरतपुर जिले के नगला छत्री सिंघनिया गांव में बंद पड़ी पत्थर की खदान में ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरने से ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं सवाई माधोपुर में रील बनाने के चक्कर में एक युवक बनास नदी में डूब गया। युवक की पहचान चंदू (19) पुत्र रामस्वरूप खटीक के रूप में हुई है। युवक को ढूंढने के लिए एसडीआरएफ की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं। अब तक प्रदेश में वर्षा जनित हादसों में एसडीआरएफ ने 300 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया है।