जयपुर के मोती डूंगरी थाना पुलिस ने श्री दादू दयाल महासभा से जुड़े विवाद में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर रजिस्ट्रार कार्यालय से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महासभा की बैठक की फर्जी कार्यवाही तैयार कर उसे असली बताकर रजिस्ट्रार, संस्थाएं जयपुर के कार्यालय में पेश किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी नरेंद्र पीथा, जयपुर के कालिदास स्वामी और दौसा जिले के लीलस क्षेत्र निवासी प्रकाश कुमार स्वामी के रूप में हुई है।
बैठक की कार्यवाही में फर्जी हस्ताक्षर कराने का आरोप
परिवादी की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर दादू दयाल महासभा की तीस जुलाई दो हजार पच्चीस की बैठक की कथित फर्जी कार्यवाही तैयार की। आरोप है कि बैठक में अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बावजूद उसके विपरीत दस्तावेज तैयार किए गए। इन दस्तावेजों में एक व्यक्ति से कई बार हस्ताक्षर कराने के साथ संस्था के सदस्यों के अलावा अन्य लोगों के हस्ताक्षर भी करवाए गए।
शिकायत के अनुसार, इन दस्तावेजों को महासभा की वास्तविक कार्यवाही बताकर रजिस्ट्रार, संस्थाएं जयपुर के कार्यालय में पेश किया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर इन दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लिया। परिवादी ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया से संस्था को नुकसान पहुंचाने और निजी फायदा लेने की कोशिश की गई।
यह भी पढें-
राजस्थान में हादसा: खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे आगरा के चार श्रद्धालुओं की मौत, टायर फटने से खाई में गिरी कार
तीन नवंबर को सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर दो हजार पच्चीस को महंत गंगली दास महाराज नारायण की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा से जुड़े हस्ताक्षरों के रजिस्टर की फटी प्रति को भी बैठक की कार्यवाही के दस्तावेजों के साथ जोड़ने का आरोप है। शिकायत में कहा गया कि दस्तावेज बाद में तैयार किए गए, लेकिन उन्हें पुरानी तारीख का बताकर इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में मोती डूंगरी थाने में मुकदमा संख्या 47/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त गांधीनगर के सुपरविजन में मोती डूंगरी थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाधिकारी महानंद सिंह ने किया। जांच के दौरान नरेंद्र पीथा, कालिदास स्वामी और प्रकाश कुमार स्वामी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कथित मिलीभगत की जांच जारी है।