आरोपी दिनेश किलका और राकेश कुमार
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी दिनेश किलका और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अब तक कुल 149 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल के अनुसार एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच में सामने आया कि तत्कालीन एम.ए.डी. फाउंडेशन कोचिंग, शाहपुरा के संचालक दिनेश किलका ने परीक्षा से पहले लीक सॉल्व्ड पेपर उपलब्ध कराने के लिए अभ्यर्थियों से लाखों रुपये का सौदा किया था।
ये भी पढ़ें: Kotputli News: फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर प्रशासन का कड़ा कदम, कई कोचिंग सेंटर, हॉस्टल और टावर सीज
जांच में पाया गया कि दिनेश किलका ने अविनाश पलसानिया से 20 लाख रुपये तथा परमेश चौधरी से 16 लाख रुपये लेकर दोनों को परीक्षा पूर्व पेपर पढ़ाया। इसके बाद अविनाश पलसानिया मेरिट में 86वें और परमेश चौधरी 180वें स्थान पर चयनित होकर उप निरीक्षक बने। अविनाश को 31 अगस्त 2024 तथा परमेश चौधरी को 23 सितंबर 2025 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अविनाश की गिरफ्तारी के बाद से फरार चल रहे दिनेश किलका पर एसओजी ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसे 29 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे परीक्षा से पहले लीक सॉल्व्ड पेपर सीकर निवासी राकेश कुमार ने 35 लाख रुपये में उपलब्ध कराया था।
दिनेश की निशानदेही पर एसओजी ने 30 जून 2026 को राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि राकेश ने यह पेपर अनिल उर्फ शेरसिंह मीणा के पेपर लीक गिरोह से जुड़े सदस्य अरुण शर्मा के नेटवर्क के माध्यम से हासिल किया था। अरुण शर्मा को एसओजी पहले ही 11 जुलाई 2024 को गिरफ्तार कर चुकी है। एसओजी ने बताया कि दिनेश किलका और राकेश कुमार को 4 जुलाई 2026 तक पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। दोनों से पूछताछ के आधार पर पेपर लीक नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आर्थिक लेन-देन की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।