प्रदेश के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल की इमरजेंसी में सामान्य और गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएंगी, जिससे भीड़ कम हो और गंभीर मरीजों को तुरंत एवं बेहतर उपचार मिल सके। चिकित्सा विभाग की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने अस्पताल का दौरा करने के बाद यहां व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए हैं। एमएसएम के साथ उन्होंने गणगौरी अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
स्टाफ व बेड क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव मांगा
एसएमएस में बढ़ते मरीज भार को देखते हुए राठौड़ ने चिकित्सकों, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही बेड क्षमता, इमरजेंसी सेवाओं के विस्तार और अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने मुफ्त दवा-नि:शुल्क जांच योजना तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के संचालन की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने ओपीडी में पंजीकरण, परामर्श और जांच के लिए लगने वाली बार-बार की कतारों को लेकर उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि मरीजों को बार-बार कतार में न लगना पड़े। साथ ही मरीजों के परिजनों के लिए अन्नपूर्णा रसोई की व्यवस्था मजबूत करने और बैठने व पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढें- Jaipur News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका; ₹25,000 का इनामी गैंगस्टर प्रदीप गुर्जर गुड़गांव से गिरफ्तार
निर्माणाधीन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
गणगौरी अस्पताल और महिला चिकित्सालय के निरीक्षण में उन्होंने इमरजेंसी, आईसीयू, पीआईसीयू, एनआईसीयू और प्रसूति कक्षों का जायजा लिया। तीनों अस्पतालों में विद्युत व्यवस्था का नियमित मॉनिटरिंग करने और विद्युत उपकरणों व वायरिंग को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन भवनों का कार्य जल्द पूरा कर मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। लिया।