जयपुर में कैबिनेट मंत्री डॉ. महेश जोशी और अन्य छह लोगों पर टॉर्चर और परेशान करने का आरोप लगाते हुए युवक के सुसाइड मामले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सरकार पर उंगली उठाई है। सांसद बेनीवाल ने कहा-जयपुर शहर में रामप्रसाद मीणा नाम के व्यक्ति का राजस्थान सरकार के एक मंत्री सहित अन्य कुछ लोगों से प्रताड़ित होकर आत्महत्या करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
दबाव से आहत होकर ही रामप्रसाद मीणा ने आत्महत्या की
सांसद ने ट्वीट में राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि रामप्रसाद ने आत्महत्या से पहले वीडियो जारी करके सरकार के मंत्री सहित अन्य लोगों पर जो आरोप लगाए हैं, उससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि उनके दबाव से आहत होकर ही उसने आत्महत्या की है।
मंत्री सहित तमाम लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उच्च स्तरीय जांच कराए
सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की है कि सरकार को त्वरित प्रभाव से मंत्री सहित तमाम लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके उच्च स्तरीय जांच करवानी चाहिए।
एक दर्जन मंत्रियों-विधायकों पर गंभीर आरोप के बावजूद मुख्यमंत्री मौन
सांसद बेनीवाल ने कहा वर्तमान राज्य सरकार सत्ता के मद में डूबी है और सरकार के एक दर्जन मंत्रियों और विधायकों पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद मुख्यमंत्री मौन हैं। हनुमान बेनीवाल ने कहा सरकार के मंत्री सत्ता के मद में चूर हैं और आम जनता त्राहिमाम त्राहिमाम कर रही है। आदिवासी समाज के एक युवक की मंत्री और रसूखदारों के दबाव में आत्महत्या कांग्रेस की सरकार के माथे पर कलंक है।