राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गजों समेत कुल 113 नेताओं ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है। इनमें कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आए शंकर पन्नू ने मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, जिंदगी भर कांग्रेस का निष्ठावान कार्यकर्ता रहा। कांग्रेस ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर मारा है।
शंकर ने कहा, कांग्रेस में चाटुकार, बेइमान और बदमाश प्रवृत्ति के लोग आ गए हैं। कांग्रेस अब पार्टी नहीं, गिरोह बन गया। साल 1977 में जब गहलोत हारे, तब भी मैं उनके साथ था। गहलोत पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं। गहलोत फौजमार कप्तान हैं, उनमें कोई ईमानदारी नहीं बची है।
बीजेपी ज्वाइन करने वाले नेताओं में पूर्व सांसद, विधायक और भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले नेता भी शामिल हैं। प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में राजस्थान की सह-प्रभारी विजया रहाटकर की मौजूदगी में हनुमानगढ़ से कांग्रेस के पूर्व सांसद शंकर पन्नू, पिलानी से पूर्व विधायक जेपी चंदेलिया, जेजेपी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व एमएलए नंदकिशोर महरिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।