इंस्टाग्राम पर रील देखने के दौरान ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदने के चक्कर में एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठग ने वीडियो कॉल पर सामान दिखाकर युवती से 1.07 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने बिंदायका थाने में मामला दर्ज कराया है। सहायक उपनिरीक्षक नरेश चंद के अनुसार बिंदायका के सिंवार निवासी 32 वर्षीय ज्योति ने इस संबंध में शिकायत दी है।
इंस्टाग्राम लिंक से वॉट्सऐप तक का खेल
शिकायत के अनुसार ज्योति 16 नवंबर को इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। इसी दौरान ब्यूटी प्रोडक्ट मंगवाने के लिए उसने एक लिंक पर क्लिक किया। लिंक खुलते ही उसने अपनी व्यक्तिगत जानकारी के साथ अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद पीड़िता के मोबाइल नंबर पर वॉट्सऐप पर संदेश आया।
ठग ने वॉट्सऐप संदेश के जरिये ज्योति से ब्यूटी प्रोडक्ट के संबंध में बातचीत की। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप वीडियो कॉल करके सारे ब्यूटी प्रोडक्ट दिखाए। बातचीत के दौरान ठग ने युवती को भरोसा दिलाया और सामान भेजने से पहले ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता ने बताए गए खाते में कुल 1.07 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित कर दी।
लॉकर और एफआईआर की धमकी
रुपये प्राप्त करने के बाद भी आरोपी ने सामान डिलीवर नहीं किया। जब पीड़िता ने ब्यूटी प्रोडक्ट की डिलीवरी के संबंध में आरोपी से संपर्क साधा, तो उसने नया पैंतरा आजमाया। ठग ने युवती को बताया कि उसका सारा सामान लॉकर में रखवा दिया है और उसे छुड़ाने के लिए अतिरिक्त रुपये देने होंगे।
जब पीड़िता ने और रुपये देने से मना किया, तो आरोपी ने उल्टा पीड़िता के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे डाली। आरोपी ने न तो ब्यूटी प्रोडक्ट भेजे और न ही ऐंठे गए रुपये वापस लौटाए। लगातार मिल रही धमकियों और धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने बिंदायका थाना पुलिस से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।