राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार थम गई है। अधिकांश जिलों में बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बढ़ गई है, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के अनुसार, चार सक्रिय वेदर सिस्टम के असर से 21 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होने लगेगा। पहले पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ेगी, जबकि 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य-राजस्थान में भी अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
फिलहाल 3-4 दिन कमजोर रहेगा मानसून
आईएमडी के मुताबिक 18 जुलाई को भी प्रदेश में किसी बड़े बारिश के सिस्टम का असर नहीं रहेगा। कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इसी वजह से जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राजस्थान को ग्रीन जोन में रखा है। प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
ये चार वेदर सिस्टम बदलेंगे मौसम
मौसम विभाग के अनुसार चार प्रमुख मौसम प्रणालियां अगले सप्ताह राजस्थान में बारिश बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
21 जुलाई से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई से सबसे पहले कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग सहित पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी मानसून सक्रिय होने लगेगा। 23 से 28 जुलाई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढें- Jaipur News: फर्जी वीजा कॉल सेंटर गिरोह का भंडाफोड़, तीन ठिकानों पर छापे मार; 22 आरोपी हिरासत में
श्रीगंगानगर सबसे गर्म, उमस से राहत नहीं
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शाम 5:30 बजे तक राज्य में सापेक्ष आर्द्रता 30 से 50 प्रतिशत के बीच रही। अधिक तापमान और नमी के कारण अधिकांश जिलों में लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
इन संभागों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। दूसरी ओर जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ सहित अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। दोपहर बाद बादल बनने से कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।