दिन में गर्मी, रात में बढ़ने लगी ठंडक
राजस्थान में मौसम का मिजाज दिन और रात में अलग-अलग नजर आ रहा है। जहां पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 38 से 41 डिग्री तक पहुंच रहा है, वहीं दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में रातें ठंडी होने लगी हैं।
उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री या इससे नीचे दर्ज किया जा रहा है। माउंट आबू में रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां देर शाम से सुबह तक हल्की गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है।
अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से दिन में गर्मी बनी रहेगी। हालांकि तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। यानी दिन में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि रात और सुबह के समय कई इलाकों में हल्की ठंडक बढ़ सकती है।
प्रमुख शहरों में मौसम का हाल
राजधानी जयपुर में रविवार को आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 37.5 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। एनसीआर में आने वाले अलवर रीजन में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री दर्ज हुआ। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। अगले सात दिनों में मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। इसी तरह कोटा में अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम 24.6 डिग्री रहा। अगले एक सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। अजमेर में भी दिनभर मौसम साफ रहा। धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।