धोरों की धरती में अब ठंड घुलने लगी है। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आद्रता की मात्रता कम हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सीकर सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री रहा। वहीं, संगरिया-हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार सर्दियां भी कड़ाके की पड़ सकती है। राजस्थान का मौसम चक्र बीते एक साल में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और बारिश वाला रहा है। इसलिए अनुमान है कि इस बार सर्दी भी बहुत ज्यादा रहने वाली है। सर्दी कई साल का रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। इसका असर अभी से दिखाना शुरू हो चुका है। इस बार अक्तूबर के मध्य में ही राजस्थान का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
मुख्य जिलों का तापमान ये रहा
मौसम विभाग की फॉरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को अजमेर में 35.3 डिग्री, अलवर में 35.0 डिग्री, जयपुर में 35.0 डिग्री, सीकर में 33.0 डिग्री, कोटा में 36.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 36.2 डिग्री, बाड़मेर में 38.0 डिग्री, जैसलमेर में 38.2, जोधपुर में 36.7 डिग्री, बीकानेर में 36.2 डिग्री, चूरू में 36.1 डिग्री और श्रीगंगानगर में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में ठंड बढ़ने लगी
राजधानी जयपुर में सुबह और देर रात को ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.0 पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में जयपुर शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
सर्दी को लेकर अभी से लोगों ने तैयारियां शुरू
राजस्थान में सर्दी की शुरुआत को देखते हुए लोगों ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी से ही लोग सर्दी के गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिए हैं और धूप दिखा रहे हैं। क्योंकि मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले सप्ताह के बाद से गलन वाली ठंड पड़ने की पूरी उम्मीद है।