जालौर से बीजेपी की पूर्व विधायक अमृता मेघवाल को सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी मिली है। धमकी में कहा गया है कि तेरा हाल बाबा सिद्दीकी जैसा करेंगे। उठा लेने सहित सामूहिक दुष्कर्म की भी धमकी दी गई है। अमृता मेघवाल ने अमर उजाला के साथ खास बातचीत में कई खुलासे किए।
पूर्व विधायक अमृता मेघवाल अपनी शादी के विवाद पर भी खुलकर बोलीं। उन्होंने कहा, मीडिया और सोशल मीडिया में चल रही अफवाहों पर मेरा तलाक नहीं हुआ है। तलाक बहुत बड़ी चीज है। अपने ससुर को धक्का मारने वाले वीडियो पर अमृता ने कहा, आधा सच दिखाया गया है। मेरे ससुर मुझे वेश्या तक कह रहे थे। मुझे पिस्टल से मारने वाले थे, मीडिया में वह नहीं दिखाया गया।
धमकी के साथ भेजे अश्लील मैसेज
मेघवाल ने आरोप लगाया, उनके व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेजों की झड़ी लग गई। उसके बाद व्हाट्सएप कॉल भी आई। जब मैंने उस नंबर पर दोबारा कॉल किया तो उसने गालियां देना शुरू कर दी। जब मैंने उसे पुलिस में शिकायत की धमकी दी तो उसने मुझे इसके गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाए हैं कि मैं तुम्हें बाबा सिद्दीकी की तरह खत्म कर दूंगा।
दो बार रह चुकी हैं विधायक
मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भी पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मामले पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अमृता मेघवाल (39) 2013 से 2018 तक बीजेपी के टिकट पर जालौर विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस के रामलाल को 46,800 वोटों से हराया था। साल 2018 में पति बाबूलाल पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगने के बाद पार्टी ने अमृता मेघवाल का टिकट काटकर जोगेश्वर गर्ग को दे दिया था।
पूर्व में भी मिल चुकी हैं धमकियां
अमृता मेघवाल ने बताया कि उनके साथ पिछले कुछ सालों से ऐसी घटनाएं होती रही हैं। जयपुर में उन्हें पहले भी धमकाया गया था, इसे लेकर सोडाला थाने में रिपोर्ट दी थी। इसके अलावा उन पर 2021 व 2022 में दो बार हमले भी हुए हैं। इसको लेकर जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाने में उन्होंने मामला दर्ज कराया था।