राजस्थान सरकार अब प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, अनुभव और निवेश का सहारा लेगी। इसके लिए 10 दिसंबर को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत इंडस्ट्रीज सेक्टोरल सेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रवासी राजस्थानी, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। सत्र में प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सुविधाओं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और कारोबार शुरू करने की प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर चर्चा होगी।
प्रवासी राजस्थानी दिवस के दौरान छह प्रमुख सेक्टोरल सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें इंडस्ट्रीज सेशन के जरिए राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक अवसरों की जानकारी देगी। सरकार का प्रयास है कि प्रवासी राजस्थानियों के अंतरराष्ट्रीय संपर्क और उद्योग जगत के अनुभव का इस्तेमाल प्रदेश में नए निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी बढ़ाने में किया जा सके।
यह भी पढें-
राजस्थान: पहले मां-बहन की जिंदगी छीनी, फिर खुद भी लगाया फंदा! जयपुर के तिहरे मौतकांड में नई थ्योरी आई सामने
19 विभागों की 190 मंजूरियां सिंगल विंडो पर
राज्य सरकार निवेशकों के लिए सरकारी प्रक्रियाएं आसान बनाने पर भी काम कर रही है। राज निवेश सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए फिलहाल 19 विभागों की 190 तरह की मंजूरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS) 2024 और अलग-अलग क्षेत्रों के लिए बनाई गई विशेष नीतियों के जरिए निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन के आयुक्त नीलाभ सक्सैना के अनुसार, प्रवासी राजस्थानियों के पास वैश्विक बाजारों का अनुभव और उद्योगों की गहरी समझ है। उनके अनुभव और नेटवर्क से प्रदेश में औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुल सकते हैं। यह सत्र निवेश की संभावनाओं को पहचानने और दीर्घकालीन साझेदारी विकसित करने का अवसर बनेगा।
निर्यात एक लाख करोड़ के करीब, FDI में 178 प्रतिशत बढ़ोतरी
राज्य सरकार के मुताबिक, राजस्थान में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश की जीएसडीपी वृद्धि दर 10.24 प्रतिशत रही। इसी अवधि में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) करीब 178 प्रतिशत बढ़कर 8,812 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। प्रदेश का निर्यात भी 99,788 करोड़ रुपए रहा, जो एक लाख करोड़ रुपए के करीब है।
औद्योगिक ढांचे की बात करें तो RIICO का नेटवर्क प्रदेश में 474 औद्योगिक क्षेत्रों तक फैला हुआ है। ये क्षेत्र करीब एक लाख एकड़ में विकसित हैं और इनमें 47 हजार से अधिक औद्योगिक इकाइयां काम कर रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, डिफेंस और एयरोस्पेस, मेडिकल डिवाइसेज, सिरेमिक्स, पेट्रोकेमिकल्स और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी विशेष औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार किए जा रहे हैं।
राजस्थान की लोकेशन और कनेक्टिविटी भी निवेश का आधार
औद्योगिक निवेश के लिए राजस्थान की भौगोलिक स्थिति और परिवहन नेटवर्क को भी बड़ी ताकत के रूप में पेश किया जाएगा। वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) का करीब 39 प्रतिशत हिस्सा राजस्थान से होकर गुजरता है। इसके अलावा सड़क, रेल और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का विस्तार हो रहा है। इससे उद्योगों को बड़े बाजारों और सप्लाई चेन तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है।
8 से 10 दिसंबर तक होंगे कार्यक्रम
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 का आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट से होगी। 9 दिसंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 10 दिसंबर को जेईसीसी में मुख्य समारोह और छह सेक्टोरल सेशन होंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बसे राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के साथ प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। इन सत्रों के जरिए होने वाली चर्चा को निवेश, नई औद्योगिक परियोजनाओं, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों में बदलने की कोशिश होगी।