फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान का मौसम: दिन में सर्दी से राहत, रात में बढ़ रही गलन; फतेहपुर में पारा 4 डिग्री

Sat, 28 Nov 2026 07:02 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। तेज धूप के कारण सात शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि 10 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर में सबसे कम 4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने अगले सात दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

विज्ञापन
जयपुर का मौसम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में सर्दी का मिजाज अब दिन और रात में अलग-अलग नजर आने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से सर्दी का असर कमजोर पड़ रहा है, वहीं सूरज ढलते ही तापमान तेजी से गिरने लगता है। शुक्रवार को प्रदेश के सात शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जबकि 10 से ज्यादा शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान महज 4 डिग्री दर्ज किया गया।

पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्माहट बढ़ रही है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। श्रीगंगानगर में 31.4, चित्तौड़गढ़ में 31.2, जोधपुर में 31, पिलानी में 30.7, जैसलमेर में 30.4 और चूरू में 30.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन शहरों में दोपहर के समय लोगों को सर्दी से राहत मिली।

फतेहपुर में सबसे सर्द रात, कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

दिन में तापमान बढ़ने के बावजूद रात की ठंड कमजोर नहीं हुई है। शुक्रवार को फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में पारा 5 डिग्री रहा। नागौर में 6.4, टोंक में 7.6, चूरू में 8, पिलानी में 8.2, अलवर में 8.5 और भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

अजमेर में रात का तापमान 9.9 और उदयपुर में 9.8 डिग्री रहा। इन इलाकों में सुबह और देर रात ठंडी हवा के कारण ठिठुरन महसूस हो रही है।

विज्ञापन


यह भी पढ़ें- राजस्थान: पहले मां-बहन की जिंदगी छीनी, फिर खुद भी लगाया फंदा! जयपुर के तिहरे मौतकांड में नई थ्योरी आई सामने

पूर्वी हवाओं ने कमजोर की उत्तरी सर्द हवा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वी हवाओं के प्रभाव से उत्तर भारत की ओर से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर हुई हैं। इसका असर दिन के तापमान पर दिखाई दे रहा है। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि रात में तापमान कम होने से सर्दी का असर बना हुआ है।

जयपुर में दिन में धूप, रात में ठंडक

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को आसमान साफ रहा। दिन का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह धूप निकलने के बाद सर्दी से राहत मिली, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवा के कारण ठंडक बढ़ गई।

अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप निकलने से तापमान में बहुत बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें