फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान में एक्यूआई खतरनाक: सीओपीडी का बढ़ा खतरा, हर एक लाख लोगों पर 306 नए मरीज

Wed, 18 Nov 2026 07:16 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में प्रदूषण का असर अब सिर्फ आंखों में जलन और खांसी तक सीमित नहीं है, फेफड़ों की गंभीर बीमारी COPD का खतरा भी बढ़ रहा है। अध्ययन में हर एक लाख लोगों पर 306 नए मामले सामने आए हैं। नए मरीजों की दर में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।

विज्ञापन
Air pollution increased on Diwali - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में हवा की खराब होती गुणवत्ता अब लोगों के फेफड़ों को भी प्रभावित कर रही है। प्रदूषण, धूल और धुएं के बीच सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) को लेकर सामने आए आंकड़े प्रदेश के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं। एक अध्ययन के मुताबिक राजस्थान में हर एक लाख लोगों पर COPD के 306.28 नए मामले सामने आए। नए मरीजों की दर के लिहाज से राजस्थान देश के राज्यों में सबसे ऊपर है।

जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भी सांस संबंधी परेशानियों के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार, हवा की गुणवत्ता खराब होने पर COPD से पीड़ित मरीजों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। प्रदूषण के कारण उन्हें सांस लेने में ज्यादा परेशानी हो सकती है। ऐसे में पहले से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

हर साल नवंबर के तीसरे बुधवार को विश्व COPD दिवस मनाया जाता है। इसका मकसद लोगों को इस बीमारी के लक्षण, कारण और बचाव के बारे में जागरूक करना है, ताकि समय रहते जांच और इलाज कराया जा सके।

राजस्थान में COPD के नए मरीजों की दर सबसे ज्यादा

ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज पर आधारित अध्ययन के अनुसार राजस्थान में प्रति एक लाख आबादी पर COPD के 306.28 नए मामले दर्ज किए गए। यह दर देश के दूसरे राज्यों के मुकाबले सबसे अधिक बताई गई है। वहीं COPD से होने वाली मौतों की दर उत्तराखंड में सबसे ज्यादा 227.19 प्रति लाख दर्ज की गई।

अध्ययन में वायु प्रदूषण और तंबाकू के सेवन को इस बीमारी के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल किया गया है। राजस्थान और उत्तराखंड में COPD का खतरा अधिक पाया गया है।

विज्ञापन


यह भी पढें- राजस्थान: एसीबी जांच के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे आईएएस शिखर अग्रवाल, सरकार की मंजूरी को दी चुनौती

सिर्फ धूम्रपान करने वालों को नहीं होता COPD

आमतौर पर माना जाता है कि COPD केवल सिगरेट या बीड़ी पीने वालों को होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा, धूल-मिट्टी, धुआं और जहरीले कणों के संपर्क में रहने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

इस बीमारी में फेफड़ों तक हवा पहुंचाने वाली नलियां प्रभावित होने लगती हैं। वे सिकुड़ने लगती हैं और सांस लेने व छोड़ने में परेशानी होती है। बीमारी धीरे-धीरे बढ़ती है, इसलिए शुरुआत में इसके लक्षणों को सामान्य खांसी या उम्र का असर समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

लंबे समय तक खांसी और सांस फूलना हो सकते हैं शुरुआती संकेत

लगातार खांसी, बलगम बनना, सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा चलने पर सांस फूलना और सीने में जकड़न COPD के संभावित लक्षण हो सकते हैं। कई बार लोग इन्हें सामान्य परेशानी मानकर इलाज नहीं कराते। समय पर जांच नहीं होने से बीमारी बढ़ सकती है। डॉक्टरों की सलाह है कि लंबे समय तक खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज न करें। चिकित्सकीय जांच कराएं और धूम्रपान के साथ प्रदूषण व धूल के संपर्क से बचने की कोशिश करें।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें