प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा के आरोपों पर शिक्षा मंत्री दिलावर का पलटवार
- फोटो : अमर उजाला
दरअसल, डोटासरा ने राजस्थान कॉपरेटिव सोसायटी एक्ट के तहत पंजीकृत हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड संस्था पर गंभीर आरोप लगाए। यह सारा मामला एक ट्वीट से शुरू हुआ। डोटासरा ने ट्वीट कर आरोप लगाए तो दिलावर ने उन्हें मानसिक रोगी बता दिया।
इसके बाद डोटासरा ने मीडिया के सामने इस पूरे मामले को रखा और कहा कि हिंदुस्तान स्काउट गाइड संस्था के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था वर्तमान में मदन दिलावर के संरक्षण में संचालित हो रही है और इसमें शिविरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा नियुक्तियों के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां हुई हैं।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि मार्च 2025 में जयपुर के चाकसू में आयोजित पांच दिवसीय शिविर वास्तव में केवल एक दिन चला, लेकिन पांच दिन का पूरा शुल्क और खर्च दिखाकर राशि वसूली गई। उन्होंने दावा किया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान आवासीय शिविर आयोजित होना संभव नहीं था, फिर भी फर्जी बिल और वाउचर बनाकर भुगतान लिया गया।
पढ़ें- Rajasthan: फसल बीमा योजना में करोड़ों का खेल! कृषि मंत्री की छापेमारी के बाद 165 पर FIR; फर्जी खातों का खुलासा
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने दिलावर पर लगाए गंभीर आरोप
- फोटो : अमर उजाला
डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि शिविर शुल्क संस्था के खाते में जमा होने के बजाय निजी खातों में ट्रांसफर किया गया। इसके लिए उन्होंने कथित यूपीआई ट्रांजेक्शन की रसीदें भी मीडिया को दिखाईं। उनके अनुसार संस्था से जुड़े पदाधिकारियों के निजी खातों में 23 लाख रुपये से अधिक जमा करवाए गए।
डोटासरा ने संस्था में फर्जी हस्ताक्षर और मोहर के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी के नाम और हस्ताक्षर से दस्तावेज जारी किए गए। इसके अलावा उन्होंने सीएसआर फंड में 60 लाख रुपये के कथित गबन, बिना प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण, आरक्षण नियमों के उल्लंघन और बिना विज्ञप्ति नियुक्तियों जैसे आरोप भी लगाए।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संस्था के सेवा नियम बने ही नहीं हैं, जैसा कि मंत्री दावा कर रहे हैं, तो फिर करोड़ों रुपये का बजट कैसे स्वीकृत हुआ और सरकारी रिपोर्टों में संस्था का उल्लेख कैसे किया गया। डोटासरा ने पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की।