राजस्थान पुलिस-सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (SI)/प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती-2025 की भर्ती प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के उप महानिरीक्षक (DIG) मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएससी ने 5 और 6 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी, जिसका परिणाम 19 जून को घोषित किया गया था। अब सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस मुख्यालय की ओर से गठित बोर्ड की निगरानी में आयोजित होगी।
8 रेंज मुख्यालयों पर होगी PET
शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रदेश के आठ रेंज मुख्यालयों-जयपुर (दो परीक्षा केंद्र), उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर और अजमेर में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना होगा तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
यह भी पढें-
राजस्थान में टूट पड़ा मानसून : ब्यावर में 9 इंच बारिश, अगले दो दिन भी भारी से अतिभारी बरसात का अलर्ट
SSO ID से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
भर्ती बोर्ड ने बताया कि प्रवेश-पत्र जल्द जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
वेबसाइट पर मिलेगी हर अपडेट
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे महानिदेशक पुलिस के स्थायी आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित शारीरिक दक्षता मानकों के अनुसार तैयारी करें। भर्ती से संबंधित कोई व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी। सभी अपडेट राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और समाचार पत्रों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों से नियमित रूप से वेबसाइट देखने की अपील की गई है।