राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक प्रदेश की 116 पंचायत समितियों में औसतन 20.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शुरुआती तीन घंटों में ग्रामीण मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 28.36 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं बारां की मांगरोल और उदयपुर की कल्याणपुर पंचायत समिति में सबसे कम 13.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस चरण में प्रदेश के 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच चुने जा रहे हैं। इसके लिए 116 पंचायत समितियों के 34,218 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। ग्रामीण मतदाता बैलेट पेपर के जरिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक नतीजे आने की संभावना है।
तिजारा में सबसे ज्यादा, मांगरोल और कल्याणपुर में सबसे कम मतदान
सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों में खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा पंचायत समिति 28.36 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही। इसके अलावा चूरू की सिद्धमुख में 26.68 प्रतिशत, बालोतरा की गुढ़ामालानी में 26.62 प्रतिशत, बीकानेर की रीडी में 26.59 प्रतिशत और खैरथल-तिजारा की किशनगढ़बास में 26.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरी ओर बारां की मांगरोल और उदयपुर की कल्याणपुर पंचायत समिति में सबसे कम 13.94 प्रतिशत वोट पड़े। उदयपुर की ऋषभदेव में 13.95 प्रतिशत, टोंक की पचेवर में 14.47 प्रतिशत, डीग की पहाड़ी में 14.50 प्रतिशत और बारां की अंता में 14.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।