फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: चौथे चरण की वोटिंग शुरू, 50 विधानसभा क्षेत्रों में होगा सियासी इम्तिहान

Sat, 14 Nov 2026 07:19 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में 25 जिलों के 50 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इनमें 29 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। टिकट वितरण में विधायकों और स्थानीय नेताओं की भूमिका के चलते उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है।
विज्ञापन
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में शनिवार को गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदान होगा। इस चरण में सिर्फ जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी का गणित नहीं, बल्कि विधायकों और स्थानीय नेताओं की राजनीतिक ताकत का भी इम्तिहान होगा। चुनाव से जुड़े 50 विधानसभा क्षेत्रों में से 29 में भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के इन चुनावों के नतीजे कई नेताओं की सियासी पकड़ का भी संकेत देंगे।

इस चरण में टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार तक स्थानीय विधायकों, विधायक प्रत्याशियों और जिलाध्यक्षों की भूमिका अहम रही है। प्रत्याशियों के चयन में इन नेताओं की सहमति भी शामिल रही। ऐसे में चुनाव परिणाम आने के बाद जीत और हार का राजनीतिक श्रेय भी इन्हीं नेताओं के खाते में जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई सीटों पर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

एक करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

चौथे और अंतिम चरण में प्रदेश के 25 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान होगा। कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 54 लाख 88 हजार 275 पुरुष, 51 लाख 5 हजार 951 महिला और 59 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 11,905 केंद्र बनाए गए हैं।

जिला परिषद के 382 वार्डों के लिए 1,322 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों में 7,521 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा 3,747 ग्राम पंचायतों के 33,885 वार्डों में भी चुनावी प्रक्रिया होगी।

विज्ञापन


यह भी पढें- राजस्थान: कोटा में प्रसूता की मौत के बाद जागा चिकित्सा विभाग, अब पूरे संभाग की रेफरल व्यवस्था की होगी जांच

भरतपुर के रूपबास में सबसे ज्यादा घमासान

चौथे चरण में सबसे दिलचस्प मुकाबला भरतपुर के रूपबास पंचायत समिति क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। यहां 25 सीटों के लिए 308 नामांकन हुए थे, लेकिन अब 159 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सात सीटों पर पांच से नौ और 16 सीटों पर 10 से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेश के किसी एक ब्लॉक में यह सबसे कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है।

भरतपुर के सेवर और उचैन में भी उम्मीदवारों की संख्या अधिक है। दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान के पाटोदी और सिवाना जैसे क्षेत्रों में मुकाबला अपेक्षाकृत सीमित है। यहां सभी सीटों पर पांच से कम प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में सीधा या त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा मतदाता

मतदाताओं की संख्या के लिहाज से श्रीगंगानगर चौथे चरण का सबसे बड़ा जिला है। यहां 8 लाख 67 हजार 167 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके बाद बांसवाड़ा में 6 लाख 45 हजार 611, चूरू में 6 लाख 40 हजार 198 और डीडवाना-कुचामन में 6 लाख 3 हजार 262 मतदाता हैं। बूंदी में भी बड़ी संख्या में मतदाता पंचायत चुनाव में भाग लेंगे।

जिला परिषद की सीटों पर भी कड़ा मुकाबला

जिला परिषद वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से श्रीगंगानगर सबसे आगे है। यहां 30 वार्डों में 101 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बांसवाड़ा में 22 वार्डों के लिए 72, चूरू में 19 वार्डों के लिए 66 और डीडवाना-कुचामन में 19 वार्डों के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं।

पंचायत समिति चुनाव में भी श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 553 उम्मीदवार हैं। बांसवाड़ा में 518, डीडवाना-कुचामन में 380, चूरू में 351 और बूंदी में 323 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

मतदान के बाद भी जारी रहेगी चुनावी हलचल

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के इस चरण का मतदान पूरा होने के बाद 16 नवंबर को पंच-सरपंच के चुनाव होंगे। इसके बाद 20 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में अंतिम चरण का मतदान ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की ताकत के साथ स्थानीय नेताओं की साख का भी फैसला करेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें