Rajasthan: शादी समारोह संपन्न होने के बाद माला को वापस ले जाने की जिम्मेदारी शाद नामक युवक को दी गई थी। बताया जा रहा है कि शाद जब मोटरसाइकिल से माला को वापस लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी ने उसे टक्कर मारी। इससे पहले कि शाद कुछ समझ पाता, कार से उतरे हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया
राजस्थान के खैरथल तिजारा में एक बेहद अजीब और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भिवाड़ी चोपानकी थाना क्षेत्र के चूहड़पुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान किराए पर लायी गई 14 लाख 50 हजार रुपए की नोटों की माला को हथियारबंद बदमाशों ने लूट लिया। इस लूटकांड ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को चौंका दिया है बल्कि पुलिस प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है।
विज्ञापन
घटना 1 जून की है, जब चूहड़पुर गांव में आमिर नामक युवक की शादी थी। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए शादी में शामिल हुए समसूदीन नामक व्यक्ति ने हरियाणा से एक आलीशान नोटों की माला मंगवाई थी, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। यह माला सिर्फ दिखावे के लिए किराये पर लाई गई थी।
शादी समारोह संपन्न होने के बाद माला को वापस ले जाने की जिम्मेदारी शाद नामक युवक को दी गई थी। बताया जा रहा है कि शाद जब मोटरसाइकिल से माला को वापस लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी ने उसे टक्कर मारी। इससे पहले कि शाद कुछ समझ पाता, कार से उतरे हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया और हथियारों की नोक पर माला लूट कर फरार हो गए। इस हमले में शाद को सिर में गंभीर चोट भी आई है।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भिवाड़ी के अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अतुल साहू, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चौधरी, तथा तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अब चारों ओर से सुराग तलाशने में जुट गई है। डीएसपी कैलाश चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना 1 जून की है और माला करीब 14.50 लाख रुपये की थी, जिसे हरियाणा से किराये पर मंगवाया गया था। परिवादी शाद के बयानों के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और बहुत जल्द इस वारदात से पर्दा उठाया जाएगा।
इस मामले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी महंगी माला किराये पर क्यों ली गई? क्या लुटेरों को पहले से माला की जानकारी थी? और क्या यह कोई सुनियोजित साजिश थी? फिलहाल पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और विभिन्न एंगल से जांच की जा रही है। कहीं यह हाई-प्रोफाइल शादी का दिखावा तो किसी बड़े अपराध की भूमिका नहीं बन गया? यह सवाल अभी हवा में तैर रहा है।