राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, स्पीड ब्रेकर ठीक करवाने, जेब्रा क्रॉसिंग, साइन बोर्ड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
बारिश से खराब सड़कों की मरम्मत के लिए 965 करोड़ स्वीकृत
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थाई मरम्मत के लिए 964.43 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस राशि से प्रदेश में बारिश से क्षतिग्रस्त लगभग 2328 कार्यों की स्थाई मरम्मत करवाई जाएगी।
समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी
उपमुख्यमंत्री ने नॉन पेचेबल, पेचेबल सड़कों, बजट घोषणाओं की क्रियान्विति सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. मजू बाघमार, प्रमुख शासन सचिव प्रवीण गुप्ता, शासन सचिव डी.आर. मेघवाल, मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव टी.सी. गुप्ता सहित सभी मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधीक्षण अभियंता उपस्थित रहे।