प्रदेश कांग्रेस जल्द ही नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा करने वाली है। सूत्रों के मुताबिक आज इस नाम का ऐलान किया जा सकता है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष के नामों का ऐलान पहले ही कर चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट को दूसरी जिम्मेदारी दिए जाने के चलते उनके प्रतिपक्ष का नेता बनाए जाने की संभावना ना के बराबर है।
नेता प्रतिपक्ष के लिए कांग्रेस इस बार किसी नए चेहरे को उतार सकती है। प्रमुख दावेदारों में हिंडौली विधायक अशोक चांदना का नाम सबसे आगे है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और बायतू विधायक हरीश चौधरी के नाम भी आगे आ रहे हैं लेकिन पहले डोटासरा के पास पहले से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद है। ऐसे में किसी गैर जाट को यह पद दिया जा सकता है। गैर जाट में एसबीसी से अशोक चांदना, एसटी वर्ग से मजेंद्रजीत मालवीय, मुरारीलाल मीणा और एससी में टीकाराम जूली के नाम दावेदारों में शामिल हैं।
तीन बार विधायक रह चुके चांदना राहुल गांधी की युवा टीम का हिस्सा रहे चुके हैंऔर लगातार 7 सालों तक राजस्थान यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। कांग्रेस जब राजस्थान में 21 सीटों पर सिमट गई थी तब भी चांदना बड़े अंतर से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इस बार हुए विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने भाजपा के दिग्गज प्रभुलाल सैनी को हराया है। इसके अलावा विधानसभा में चांदना का ट्रेक रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष के लिए अशोक चांदना का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।