राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने वसुंधरा राजे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे की राजस्थान की राजनीति में भूमिका हमेशा बनी रहेगी। वसुंधरा राजे सिंधिया दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रही हैं। उन्होंने राजस्थान की राजनीति में बहुत क्रांतिकारी परिवर्तन किया है। वे केंद्र स्तर की मंत्री रही हैं। राजस्थान की बहुत लोकप्रिय नेता थीं और हैं। मुझे लगता है कि आने वाले लंबे समय तक उनकी राजस्थान की राजनीति में भूमिका रहेगी।
एक इंटरव्यू के दौरान भाजपा प्रभारी ने कहा कि मैं बहुत समझ बूझकर कह रहा हूं। उनकी राजस्थान में भूमिका हमेशा बनी रहेगी। पिछले दिनों जयपुर में ओमप्रकाश माथुर के अभिनंदन समारोह में वसुंधरा राजे का एक बयान काफी चर्चाओं में आया था। इसमें उन्होंने कहा था-'पीतल की लौंग मिलने पर कुछ लोग खुद को सर्राफ समझ बैठते हैं।' इस बयान पर अग्रवाल से सवाल पूछा गया तो उन्होंने ने कहा कि नेताओं के एक बयान को पकड़कर उनके स्टैंड को स्थायी समझ लेंगे तो आप फंस जएंगे। तात्कालिक रिएक्शन और दीर्घकालीन स्टैंड को आप जोड़ नहीं सकते।
पहले और आज की भूमिका से संतुष्ट हूं
वसुंधरा राजे जब भी मिलीं तो कहा- पहले और आज की भूमिका से संतुष्ट हूं। वसुंधरा राजे की नाराजगी की चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए अग्रवाल ने कहा- मुझसे जब भी वे मिली हैं, उन्होंने यही कहा है कि पार्टी ने मुझे 10 साल तक बतौर सीएम काम करने का अवसर दिया। मुझे मालूम है कि काम करते-करते एक समय आता है, जब आपको वरिष्ठ नेता के दौर में जाना पड़ता है। मैं पहले की राजनीतिक गतिविधि से संतुष्ट हूं। आज भी पार्टी ने जो दायित्व और भूमिका दे रखी है। उससे संतुष्ट हूं।
गौरतलब है कि भाजपा ने उपचुनावों के लिए वसुंधरा राजे को स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल किया है, लेकिन पिछले कई दिनों से राजे राजस्थान में सक्रिय नजर नहीं आ रही हैं।