फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: राजबाग में नकली दवाओं का बड़ा कारोबार उजागर, एसबी एसोसिएट के परिसर से दो लाख की रैबिट्रा डीएसआर जब्त

Sat, 21 Nov 2026 02:51 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

औषधि नियंत्रण विभाग ने राजबाग स्थित एस.बी. एसोसिएट के परिसर से करीब दो लाख रुपये की नकली रैबिट्रा डीएसआर दवा जब्त की है। जांच में अहमदाबाद की दो कंपनियों के नाम सामने आए हैं। मामला न्यायालय में पेश किया गया है।

 

विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

औषधि नियंत्रण विभाग ने राजबाग इलाके में स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट के परिसर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली 'रैबिट्रा डीएसआर' दवा बरामद की है। जब्त की गई इस नकली दवा की बाजार कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दवाओं के इस बड़े जखीरे को जब्त कर लिया है।

विज्ञापन


जांच रिपोर्ट में नकली होने की पुष्टि
सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि यह छापेमारी औषधि नियंत्रण अधिकारी सिंधु शर्मा द्वारा की गई पूर्व जांच के आधार पर हुई है। पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने दवा के नमूने लिए थे, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में दवा के पूरी तरह नकली होने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट आते ही विभाग की टीम ने बिना देरी किए संबंधित फर्म पर छापा मारा और उपलब्ध स्टॉक को अपने अधिकार में लेकर जब्त कर लिया।

अहमदाबाद की दो कंपनियों के नाम आए सामने
प्रारंभिक जांच में फर्जीवाड़े के तार गुजरात के अहमदाबाद शहर से जुड़े पाए गए हैं। जांच के दौरान अहमदाबाद की दो कंपनियों के नाम सामने आए हैं। इनमें विपणन करने वाली फर्म एस्टिका बायोमेडिक्स प्रा. लि. और निर्माता फर्म ज़ेनॉन लाइफसाइंसेज प्रा. लि. शामिल हैं। औषधि नियंत्रण विभाग की टीम अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि यह नकली दवाएं बाजार तक कैसे पहुंचीं और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
विज्ञापन


न्यायालय में मामला और जनता से अपील
विभाग ने जब्त की गई नकली दवाओं के पूरे स्टॉक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। औषधि नियंत्रण विभाग ने आम जनता और दवा विक्रेताओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही दवाएं खरीदें। किसी भी दवा की गुणवत्ता पर संदेह होने या अनियमितता दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें