विधानसभा में आज कांग्रेसी विधायकों के निलंबन के साथ फोन टैपिंग को लेकर भी बवाल तय है। सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा का फोन टैपिंग को लेकर एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वायरल वीडियो में किरोड़ीलाल मीणा फोन टैपिंग को लेकर अपने आरोपों को फिर से दोहरा रहे हैं। पिछले 15 दिनों में यह दूसरी बाहर है कि किरोड़ीलाल मीणा फोन टैपिंग को लेकर अपनी सरकार पर आरोप लगा रहे हों।
हालांकि इससे पहले सरकार सदन में फोन टैपिंग को लेकर बयान दे चुकी है। इसमें सरकार की तरफ से गृह राज्य मंत्री जवाहरसिंह बेढ़म ने सदन को बताया था कि सरकारी किसी भी तरह से फोन टैप नहीं करवा रही है। इसके बाद कांग्रेस ने किरोड़ीलाल मीणा के खिलाफ सरकार से कार्रवाई की मांग कर दी थी लेकिन अब किरोड़ी फिर से वही आरोप सरकार पर लगाते सुनाई दे रहे हैं।
डोटासरा बोले- सीएम को इस्तीफा देना चाहिए
इधर कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर एक बार फिर से सीएम भजनलाल शर्मा को घेर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बयान जारी कर सीएम भजनलाल शर्मा से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल को अब अविलंब अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए या फिर वो राजस्थान की जनता को सच्चाई बताएं। क्योंकि 15 दिन में ये दूसरी बार है जब भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा अपनी ही सरकार पर फोन टैपिंग और जांच एजेंसी CID पर जासूसी का गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किरोड़ीजी 2 बार सरकार पर संगीन आरोप लगा चुके हैं, भाजपा संगठन आरोपों की पुष्टि कर चुका लेकिन फिर भी गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म जी ने सदन में फोन टैपिंग से इनकार करके प्रदेश की जनता को गुमराह किया। डोटासरा ने कहा कि यह संगीन आरोप सीधे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर हैं क्योंकि गृह विभाग उन्हीं के पास है। डोटासरा बोले कि आपकी अनुमति के बिना फोन टैपिंग नहीं हो सकती। भाजपा में भारी अंतर्कलह की कीमत प्रदेश की जनता नहीं चुका सकती और न ही आपके झूठे जवाब सुन सकती है। मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।