ब्रह्मकुमारियों ने बांधी सीएम गहलोत को राखी
- फोटो : अमर उजाला
बीते दिन बुधवार को रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास पर प्रथम गारंटी कार्ड और पहला 500 रुपये का सिलेंडर प्राप्त करने वाली महिला लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। मुख्यमंत्री को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय की बहनों ने भी राखी बांधी।
जयपुर के महापुरा निवासी पूजा देवी और सरजू देवी ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर मंहगाई राहत शिविरों और इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया। पूजा देवी ने कहा कि 500 रुपये में गैस सिलेंडर के साथ-साथ अन्नपूर्णा राशन किट, 25 लाख का चिरंजीवी बीमा, 10 लाख का दुर्घटना बीमा, 100 यूनिट तक निःशुल्क बिजली जैसी योजनाओं से उन्हें लाभ मिला है।
सरजू देवी ने कहा कि मनरेगा में 25 दिन के अतिरिक्त रोजगार, 750 की जगह एक हजार रुपये वृद्धावस्था पेंशन जैसे निर्णयों से उन्हें मंहगाई से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाई गई योजनाओं से उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है और आमजन को राहत पहुंचाने वाली ये योजनाएं जारी रहनी चाहिए।
गहलोत ने महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर दी गई राजस्थान रोडवेज बस किराए में शत-प्रतिशत छूट को 31 अगस्त तक जारी रखने की घोषणा की। इस दौरान सीएम गहलोत की धर्मपत्नी सुनीता गहलोत और पुत्री सोनिया गहलोत भी उपस्थित रहीं।