केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर एयरपोर्ट पर सोमवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कांग्रेस की बारां में सभा से संबंधित सवालों पर कहा, कांग्रेस पार्टी की चुनावी सभा में एक बार फिर लाल डायरी का जिक्र किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि लाल डायरी में लिखा हुआ है कि अगली सरकार कांग्रेस की बनने वाली है।
शेखावत ने कहा कि मेरा प्रश्न खरगे साहब से यह है कि लाल डायरी के जो दो पन्ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री, जिन्हें हाल में महिला के सम्मान के प्रति आवाज उठाने पर निष्कासित कर दिया गया। लाल डायरी की एक कॉपी लेकर विधानसभा में जाने पर जिस तरह से फुटबॉल की तरह इकट्ठे होकर सारे कांग्रेसी विधायकों और मंत्रियों ने उन्हें पीटा था। वो जो दो पन्ने पूर्व मंत्री ने उद्घाटित किए थे, जिनके पास में वह डायरी है। ये खरगे साहब ने पंक्ति बोली है। यह पंक्ति उस डायरी में मंत्री जी द्वारा उद्घाटित किए गए पन्नों से पहले लिखी गई है या बाद में लिखी गई है, खरगे साहब को स्पष्ट करनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक बात अब तय हो गई है कि जहां कांग्रेस पार्टी और पार्टी के राजस्थान में आलाकमान आदरणीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत साहब हमेशा इस बात को नकारते थे कि कोई डायरी नहीं है। आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस बात को स्वीकार कर लिया कि डायरी है। शेखावत ने कहा कि इस बात को मैं मानता हूं कि उन्होंने जरूर डायरी को देखा होगा या जिसने डायरी को देखा होगा, उसने उन्हें बताया होगा। उन्हें स्पष्टता के साथ कहना चाहिए कि यह जो लिखा हुआ है, यह कौन से पन्ने पर लिखा हुआ है, वरना राजस्थान की जनता सब जानती है कि विधायकों और मंत्रियों ने किस तरह से भ्रष्टाचार किया है।
शेखावत ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नहीं कहते, कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भी गाहे-बगाहे सदन के पटल पर खड़े होकर, पब्लिक प्लेटफॉर्म पर और मीडिया से बातचीत में अक्सर कहते हुए पाए जाते हैं कि यह सदी की भ्रष्टतम सरकार है। उसकी भ्रष्टता का लेखा-जोखा केवल एक लाल डायरी में नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी तो आप देखते रहिए। सरकार बदलने दीजिए। जांच जब होना शुरू होगी तो कई डायरियां निकलना शुरू होंगी। माइनिंग की डायरी अलग रंग की होगी। अन्नपूर्णा के घोटाले की डायरी अलग रंग की होगी। सड़कों के निर्माण में जिस तरह का घोटाला हुआ, उसकी अलग रंग की होगी। डिपार्मेंट ऑफ आईटी एंड कम्युनिकेशन की योजना भवन की डायरी अलग रंग की होगी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इंद्रधनुषी रंग की डायरियां अबकी बार कांग्रेस पार्टी की वर्तमान सरकार के कारनामों की आने वाली हैं।