राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में मतगणना से पहले एक और बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। किशनपोल से बीजेपी प्रत्याशी चंद्र मनोहर बटवाड़ा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
बता दें कि दीपक रावत की शिकायत पर संजय सर्किल थाने में यह मामला दर्ज हुआ है। एफआईआर में आरोप लगाए गए हैं कि बटवाड़ा ने गंगामाता मंदिर में दो कार्यकारिणी समिति बनाकर मंदिर से आभूषण और अन्य सामान का गबन किया है। अब संजय सर्किल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि किशनपोल विधानसभा सीट पर बटवाड़ा के टिकट का एलान होने के बाद बीजेपी में भारी विरोध देखने को मिला था। बटवाड़ा ने इस सीट पर कांग्रेस के अमीन कागजी के खिलाफ चुनाव लड़ा है। यह सीट हिंदू-मुस्लिम के ध्रुवीकरण में फंसी हुई है। इसका असर यहां पोलिंग पर भी देखने को मिला। पिछले चुनावों के मुकाबले यहां करीब तीन प्रतिशत मतदान अधिक हुआ है।