फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयपुर में चुनावी रोड शो में बीजेपी का बड़ा दावं: परकोटे में सीएम ने लव जिहाद, जबरन पलायन के मुददे गिनाए

Wed, 09 Sep 2026 04:07 PM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक रोड शो किया। रोड शो के जरिए उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को जिताने की अपील की और सरकार के कामकाज व फैसलों को चुनावी मुद्दा बनाया।
विज्ञापन
सीएम रोड शो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर निगम चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। सांगानेरी गेट से शुरू हुआ रोड शो त्रिपोलिया गेट तक पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा को जिताने की अपील की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जयपुर सहित राजस्थान में लव जिहाद की समस्या से निपटने के लिए धर्मांतरण विरोधी कानून लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय ऐसी घटनाएं होती थीं, लेकिन अब सरकार ने इस पर सख्त कदम उठाए हैं।
उन्होंने जयपुर के परकोटे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जबरदस्ती पलायन रोकने के लिए सरकार डिस्टर्ब एरिया बिल लेकर आई है। अब किसी को डरने की जरूरत नहीं है। अगर कोई आमजन को परेशान करता है तो उसकी जगह जेल में होगी।

'एक शहर-एक निगम' पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर जयपुर, जोधपुर और कोटा में दो-दो नगर निगम बनाए थे। भाजपा सरकार ने तीनों शहरों में फिर से एक-एक नगर निगम कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि एक शहर में एक ही नगर निगम होना चाहिए।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता कहते थे कि भाजपा वन स्टेट, वन इलेक्शन नहीं करा पाएगी। अब वही लोग देख लें कि उनकी सरकार के समय जो काम नहीं हुआ, वह भाजपा सरकार में हो रहा है।

'ढाई साल में राजस्थान ने पकड़ी विकास की रफ्तार'

भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान पिछले ढाई साल से विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पानी, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिन कामों को 40-50 साल में नहीं किया जा सका, वे भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में आगे बढ़े हैं।
उन्होंने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते, इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर के लिए 5,500 करोड़ रुपये, देवास परियोजना के लिए 10,500 करोड़ रुपये, सोम-कमला-अंबा और माही डैम परियोजनाओं के साथ ब्राह्मणी नदी परियोजना का भी उल्लेख किया।

बिजली उत्पादन और रोजगार के आंकड़े गिनाए

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में 3,900 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में 12,000 मेगावाट बिजली उत्पादन किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बन रहा है।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ढाई साल में 1.89 लाख नियुक्ति पत्र दिए हैं। 1.22 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 70 हजार पदों के लिए वैकेंसी निकाली गई है।

पेपरलीक पर कांग्रेस को घेरा

भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेपरलीक की घटनाएं हुईं। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पेपरलीक से जुड़े 600 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा है। उन्होंने दावा किया कि ढाई साल में 450 परीक्षाएं हुईं, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने ERCP और यमुना जल समझौते को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन परियोजनाओं को लेकर लगातार झूठ बोलती रही और इन्हें लटकाती-अटकाती रही।

यह भी पढें- राजस्थान: जोधपुर में गरजेगा भारत-जापान का आसमानी दमखम, 'वीर गार्जियन-2026' में लड़ाकू विमान दिखाएंगे ताकत

'कांग्रेस के मंत्री और अधिकारी जेल में'

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में सरकार के दो साल के कामकाज का प्रतिवेदन पेश किए जाने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता विधानसभा से बाहर चले गए, क्योंकि उनके पास पांच साल के कार्यकाल में किए गए कामों का जवाब नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लूट और झूठ की राजनीति की, यही वजह है कि उसके कार्यकाल से जुड़े अधिकारी और मंत्री आज जेल में हैं।

जयपुर मेट्रो का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार जयपुर में सिर्फ पांच किलोमीटर मेट्रो लेकर आई थी, जबकि भाजपा सरकार 41 किलोमीटर से अधिक मेट्रो परियोजना पर काम कर रही है। इससे जयपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। निकायों में भाजपा की जीत से 'ट्रिपल इंजन' की सरकार बनेगी, जिससे शहरों में विकास को और गति मिलेगी।

हनुमान मंदिर में पूजा के बाद शुरू हुआ रोड शो

मुख्यमंत्री ने सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रोड शो शुरू किया। जयपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रोड शो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, सांसद मंजू शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित गोयल, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें