राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। प्रदेश के अलग-अलग शहरों और कस्बों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। युवा मतदाताओं, खासकर Gen Z, में भी पहली बार या शुरुआती दौर में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
शाहपुरा, अजमेर, कोटपूतली, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और बूंदी समेत कई निकायों में मतदाता सुबह-सुबह ही बूथों पर पहुंचने लगे। ठंडी हवा के बीच कई मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ नजर आई। मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं।
शाहपुरा: 55 वार्डों में शुरू हुआ मतदान
शाहपुरा नगरपरिषद के 55 वार्डों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही सुबह से ही शुरू हो गई। प्रशासन और पुलिस ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अजमेर के निकायों में भी वोटिंग शुरू
अजमेर जिले के नसीराबाद, सावर और टांटोटी में 20-20 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया है। नसीराबाद में 6,834, सावर में 8,972 और टांटोटी में 5,852 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। केकड़ी में 40 वार्डों के 35,829, पीसांगन में 25 वार्डों के 14,098 और सरवाड़ में 25 वार्डों के 16,334 मतदाता वोट डाल रहे हैं। पीसांगन के सभी 25 मतदान केंद्रों पर सुबह से शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोटपूतली में 60 वार्ड, 428 प्रत्याशी मैदान में
कोटपूतली नगर परिषद में 60 वार्डों के लिए 103 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 428 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 54, कांग्रेस के 58 और अन्य दलों तथा निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 316 है। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 95,426 मतदाता हैं। इनमें 50,154 पुरुष, 45,271 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। सुबह मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर मतदाता पहुंचने लगे।
नागौर में ईवीएम खराब, एक घंटे परेशान रहे मतदाता
नागौर शहर के महात्मा गांधी सरकारी स्कूल बख्तासागर मतदान केंद्र पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। इस दौरान मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। महिलाओं ने परेशानी की शिकायत की। उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने बताया कि मशीन में तकनीकी खराबी आई थी। इसके बाद बूथ पर दूसरी ईवीएम मशीन भिजवाई गई और मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई।
बारां के तीन निकायों में 1.29 लाख से ज्यादा मतदाता
बारां नगर परिषद के 60 वार्ड, अंता के 35 वार्ड और सीसवाली नगरपालिका के 20 वार्डों में मतदान शुरू हो गया है। तीनों निकायों के 166 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इन निकायों में कुल 1,29,154 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शुरू होने से पहले सभी बूथों पर पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम का मॉक पोल कराया गया।
वागड़ में भी सुबह से वोटिंग का उत्साह
बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषद में भी पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। बांसवाड़ा के 59 वार्डों के 99 बूथों और डूंगरपुर के 38 बूथों पर वोटिंग हो रही है। बांसवाड़ा में 92,602 मतदाता और डूंगरपुर में 35,848 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। बांसवाड़ा में 185 और डूंगरपुर में 95 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बांसवाड़ा के वार्ड 12 और डूंगरपुर के वार्ड 23 व 28 से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
बूंदी संभाग के चार निकायों में भी मतदान
बूंदी, इन्द्रगढ़, केशोरायपाटन और देई में भी सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इन चारों निकायों में कुल 1,27,013 मतदाता वोट डालेंगे। बूंदी नगर परिषद में 92,113, इन्द्रगढ़ में 4,856, केशोरायपाटन में 20,089 और देई में 9,955 मतदाता हैं। कुल 159 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बूथों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
प्रदेशभर में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और गश्ती दल लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। बारां में मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। प्रशासन की टीमें लगातार कानून-व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।