राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा के भीतर टिकट वितरण और संगठन की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी है। चुनाव में कई जिलों में मिली हार के बाद अब पार्टी के अंदर यह सवाल उठ रहा है कि टिकटों का फैसला संगठन ने किया या विधायकों की पसंद को ही प्राथमिकता मिल गई। प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से दिल्ली भेजी गई रिपोर्ट में टिकट वितरण की प्रक्रिया को हार की अहम वजह बताया गया है। इसमें संकेत दिया गया है कि कई सीटों पर विधायकों की सिफारिश को जरूरत से ज्यादा महत्व मिला, जबकि स्थानीय संगठन और जमीनी फीडबैक पीछे छूट गए।
विधायकों की पसंद पर टिकट, संगठन की राय पीछे
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश संगठन ने अपनी रिपोर्ट में टिकट चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कई जगह विधायकों के कहने पर उम्मीदवार तय किए गए। टिकट वितरण में उनकी राय को प्राथमिकता मिली, लेकिन स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की पसंद, संगठन की सक्रियता और उम्मीदवारों की जमीनी स्थिति का उतना आकलन नहीं हुआ, जितना होना चाहिए था।
इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है। संगठन का मानना है कि टिकट चयन में स्थानीय परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं के फीडबैक को पर्याप्त महत्व मिलता तो कुछ सीटों पर पार्टी की स्थिति बेहतर हो सकती थी।
यह भी पढें-
गांवों की सरकार : पांच रोमांचक मुकाबले, जहां महज एक वोट से हुई जीत
प्रदेश संगठन की रिपोर्ट ही अंतिम नहीं
दिल्ली में हुई बैठक के बाद प्रदेश भाजपा की ओर से हार के कारणों की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को भेजी गई है, लेकिन आलाकमान अभी इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रहा है। पार्टी नेतृत्व पूरे चुनावी घटनाक्रम को अलग-अलग स्तर पर समझना चाहता है। इसी वजह से चुनाव प्रभारियों से भी अलग रिपोर्ट मांगी गई है।
इससे साफ है कि शीर्ष नेतृत्व केवल टिकट वितरण को हार की वजह मानकर आगे नहीं बढ़ना चाहता। वह यह भी जानना चाहता है कि उम्मीदवारों के चयन के अलावा स्थानीय नेताओं की आपसी खींचतान, संगठन की चुनावी तैयारी और प्रचार रणनीति ने नतीजों को किस तरह प्रभावित किया।
विधायकों की भूमिका पर उठे सवाल, आगे जवाबदेही की बारी
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम सवाल विधायकों की भूमिका को लेकर है। टिकट वितरण में उनकी राय को प्राथमिकता देने का फैसला अगर चुनावी नुकसान की वजह बना है तो इसकी जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होगी? क्या उम्मीदवारों के चयन में विधायकों के दबाव को संगठन की कमजोरी माना जाएगा या टिकट तय करने वाली व्यवस्था में बदलाव होगा?
अब चुनाव प्रभारियों की रिपोर्ट के बाद ही तस्वीर साफ होगी। इसके आधार पर पार्टी नेतृत्व तय कर सकता है कि हार के लिए टिकट वितरण, संगठनात्मक कमजोरी या स्थानीय नेताओं के बीच तालमेल की कमी में से कौन से कारण ज्यादा जिम्मेदार रहे। फिलहाल पंचायत चुनाव के नतीजों ने राजस्थान भाजपा में संगठन और विधायकों के बीच अधिकारों के संतुलन का मुद्दा फिर चर्चा में ला दिया है।