Rajasthan: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल अपने पहले दौरे में ही पार्टी के अंदर गुटबाजी का शिकार हो गए। भाजपा की सदस्यता अभियान कार्यशाला के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बीच में उठकर चले जाने पर अग्रवाल ने नाराजगी जताई, जिससे राठौड़ समर्थकों ने सोशल मीडिया पर आक्रोश व्यक्त किया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ समर्थकों ने 'राठौर नहीं तो भाजपा नहीं' के हैशटैग के साथ एकजुट होकर सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। देखते ही देखते यह हैशटैग दिनभर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करता रहा, जिसमें 12,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि रात होते-होते खुद राजेंद्र राठौड़ को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।
उन्होंने अपने समर्थकों के इस विरोध के लिए पार्टी से माफी मांगी और स्थिति को संभालने की कोशिश की। इस घटना ने भाजपा में चल रही गुटबाजी को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जहां प्रदेश प्रभारी द्वारा अनुशासनहीनता का आरोप लगाना और राठौड़ समर्थकों द्वारा विरोध करना पार्टी के अंदरूनी विवादों की ओर इशारा करता है।