भजनलाल सरकार तीन साल पूरे होने पर 8 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में कार्यक्रम करेगी। सरकार 1.93 लाख नौकरियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र, छात्राओं को स्कूटी-साइकिल और आमजन को कई सौगातें देगी।
या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार अगले महीने अपने तीन साल पूरे करने जा रही है। इस मौके पर सरकार प्रदेश की जनता के सामने अपने तीन साल के कामकाज का लेखा-जोखा रखेगी। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों और छात्राओं के लिए कई नई सौगातें देने की तैयारी भी है।
सरकार की ओर से पेपर लीक पर रोक लगाने और सरकारी नौकरियों में एक लाख 93 हजार नियुक्तियां देने को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश किया जाएगा। वहीं, निजी क्षेत्र में पांच लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल होगा।
तीन साल पूरे होने के मौके पर आठ दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें छात्राओं को स्कूटी और साइकिल बांटने, युवाओं को नियुक्ति पत्र देने, किसानों को आर्थिक सहायता और नई सहकारिता नीति जारी करने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। शहरों और गांवों में आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए सात दिन के विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री स्तर पर कार्यक्रमों को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इनकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर 2023 को पद की शपथ ली थी।
1. छात्राओं को स्कूटी और साइकिल: 18 दिसंबर से प्रदेशभर में छात्राओं को स्कूटी और साइकिल वितरण की शुरुआत होगी। इसी दिन पालनहार योजना, लाडो योजना और मुख्यमंत्री गैस सब्सिडी योजना के लाभार्थियों को भी सहायता राशि देने का प्रस्ताव है। लखपति दीदियों को ऋण सहायता भी दी जाएगी।
2. युवाओं को नियुक्ति पत्र: 21 और 22 दिसंबर को जयपुर के कॉमर्स कॉलेज परिसर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला लगेगा। इसमें करीब 30 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में चयन के बाद नियुक्ति या बधाई पत्र दिए जाएंगे।
3. गांव और शहरों में सात दिन के शिविर: 17 दिसंबर से सभी जिलों में सात दिवसीय शिविर शुरू होंगे। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों की अलग-अलग समस्याओं का मौके पर समाधान करने की कोशिश होगी।
4. किसानों को आर्थिक सहायता: 24 दिसंबर को किसान सम्मान निधि की राशि आवंटित की जाएगी। इसके साथ ही किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत अनुदान भी दिया जाएगा।
5. नई सहकारिता नीति: 23 दिसंबर को नई सहकारिता नीति जारी करने का प्रस्ताव है। इस मौके पर 30 प्रदर्शन स्टॉल लगाए जाएंगे और नवनिर्मित 65 गोदामों का लोकार्पण होगा।
6. श्रमिकों और विद्यार्थियों को सहायता: 15 दिसंबर को श्रमिक कल्याण योजनाओं, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति और एससी-एसटी विद्यार्थियों की पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत राशि आवंटित की जाएगी। पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को भी सहायता दी जाएगी।
यह भी पढें- जयपुर से बिहार जाने वालों के लिए राहत: छठ पर भागलपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन; जानें टाइमिंग और कोच
आठ से 25 दिसंबर तक कब-कब होंगे कार्यक्रम?
सरकार ने तीन साल पूरे होने के मौके पर अलग-अलग तारीखों के लिए कार्यक्रमों का प्रस्ताव तैयार किया है।
8 दिसंबर: प्रवासी राजस्थानियों के साथ उद्योग, पर्यटन, ऊर्जा, शहरी विकास और खनन क्षेत्र पर छह सत्र होंगे। उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स के साथ बैठकें भी होंगी।
तीन साल के रिपोर्ट कार्ड में सरकार किन उपलब्धियों को गिनाएगी?
सरकार ने अपने तीन साल के कामकाज की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी की है। इनमें प्रमुख रूप से ये बातें शामिल होंगी।
- पेपर लीक पर रोक: भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और पेपर लीक की घटनाओं पर लगाम लगाने के प्रयासों को प्रमुख उपलब्धि के तौर पर रखा जाएगा।
- एक लाख 93 हजार सरकारी नियुक्तियां: सरकार के अनुसार, अब तक एक लाख 93 हजार पदों पर युवाओं को नियुक्तियां दी गई हैं।
- निजी क्षेत्र में पांच लाख रोजगार: निजी क्षेत्र में करीब पांच लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा किया जाएगा।
- अपराध पर नियंत्रण: कानून-व्यवस्था में सुधार और अपराधों पर रोक लगाने के लिए किए गए प्रयासों का ब्योरा दिया जाएगा।
- महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण: राजीविका के स्वयं सहायता समूहों को बैंकों के माध्यम से 7,503 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने की उपलब्धि भी शामिल होगी।