उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान ने वर्ष 2024-25 में निर्यात के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत सरकार द्वारा जारी फाइनल आंकड़ों के अनुसार, राज्य का कुल निर्यात वित्तीय वर्ष 2023-24 के 83,704.24 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2024-25 में 97,171.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह 16 प्रतिशत से अधिक की रिकॉर्ड वृद्धि है, जिसे राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मंत्री राठौड़ ने सकारात्मक परिणाम पर जताया हर्ष
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने निर्यातकों के लिए कई नीतिगत सुधार किए, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान की निर्यात संवर्धन नीति-2024, RIPS-2024, एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) नीति, एमएसएमई नीति-2024 और राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन-2024 ने निर्यात वृद्धि में अहम भूमिका निभाई है।
14.37 प्रतिशत अधिक की रही बढ़ोतरी
भारत सरकार के ताजा आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून 2025) में राज्य का निर्यात 25,212.14 करोड़ रुपये दर्ज हुआ है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 14.37 प्रतिशत अधिक है। राजस्थान ने जिन प्रमुख उत्पादों के निर्यात में बढ़ोतरी की है उनमें जैम एंड ज्वैलरी, इंजीनियरिंग गुड्स, टेक्सटाइल्स, हैंडीक्राफ्ट, एग्रो एंड फूड प्रोडक्ट्स, प्लास्टिक और लेदर प्रोडक्ट शामिल हैं।
कर्नल राठौड़ ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में राजस्थान के उत्पादों की भागीदारी भी बढ़ाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रगति विकसित भारत-2047 और विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति में मील का पत्थर साबित होगी।
ये भी पढ़ें-PM Modi Rajasthan Visit: 'उन्होंने जख्म दिए हमने मरहम लगाया', बांसवाड़ा से PM मोदी के कांग्रेस पर वार
हरसंभव मदद का भरोसा
राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का है और निर्यात में यह रिकॉर्ड वृद्धि उस दिशा में एक ठोस कदम है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी निर्यातकों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें-Rajasthan : पीएम मोदी ने 15 हजार युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र, लोगों को राहत का दिया तोहफा, जानें बड़ी बातें