राष्ट्रपति का होगा विशेष संबोधन
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान आ रही हैं। 14 जुलाई को उनका राजस्थान विधानसभा के सत्र में संबोधन होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने बताया कि 14 जुलाई को सुबह 10:50 बजे जयपुर में राज्य विधानसभा पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी की जाएगी।
प्रदेश की विधान सभा में राष्ट्रपति का सम्बोधन पहली बार होने जा रहा है। ये राज्य विधान सभा के लिए यह गौरवशाली और ऐतिहासिक पल होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए विधानसभा भवन पर भव्य रोशनी की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी स्वागत उद्बोधन देंगे। इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र सहित विधायक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस विधान सभा में राष्ट्रपति का विशेष सम्बोधन समारोह पहली बार आयोजित हो रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू के विधानसभा आगमन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
तैयारियों का रिहर्सल भी बुधवार को कर लिया गया है। विभिन्न बैठकों में अधिकारियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से संबंधित तैयारियों और प्रोटोकॉल का खास ख्याल रखने के आवश्यक दिशा निर्देश भी दे दिए गए हैं।