फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायतों में हैवीवेट मुकाबले: गांवों में प्रतिष्ठा की जंग या परिवारों की सियासी विरासत?

Sat, 14 Nov 2026 03:06 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने की जंग में बड़े नेताओं ने परिवारों को मैदान में उतारा है। मंत्री की पत्नी-बेटों से लेकर विधायकों की मां, बेटियां और पूर्व मंत्रियों की बहुएं चुनाव लड़ रही हैं। 20 नंवबर को नतीजे बताएंगे किसकी साख बची...

विज्ञापन
जयपुर पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव इस बार गांवों की सरकार चुनने के साथ राजनीतिक परिवारों की ताकत और विरासत की परीक्षा भी बन गए हैं। विधानसभा और लोकसभा की राजनीति में सक्रिय रहने वाले नेताओं ने अब पंचायतों में भी अपने परिवार के सदस्यों को उतारकर सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश की है। कहीं मंत्री की पत्नी और बेटे चुनाव लड़ रहे हैं तो कहीं पूर्व मंत्रियों की बेटियां, विधायकों की पत्नियां और वरिष्ठ नेताओं के बेटे-बहुएं मैदान में हैं।

खास बात यह है कि राजनीतिक परिवारों का यह दखल किसी एक जिले या पार्टी तक सीमित नहीं है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में बड़े नेताओं के परिजनों को टिकट दिए हैं। पहले से लेकर चौथे चरण तक ऐसे कई मुकाबले सामने आए हैं, जिनमें स्थानीय चुनाव बड़े राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा से जुड़ गए हैं। इससे पंचायत चुनावों में परिवारवाद का मुद्दा भी चर्चा में आ गया है।

तीसरे चरण से लेकर चौथे चरण तक यह तस्वीर और साफ हुई है। चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और पुत्रवधू कनिका सिंह अलग-अलग जिला परिषद वार्डों से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड 39 में पराक्रम सिंह का मुकाबला कांग्रेस के केशरीचंद शर्मा से है। केशरीचंद दिवंगत पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे और सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के भाई हैं। वहीं वार्ड 23 में कनिका सिंह के सामने कांग्रेस की आशा स्वामी हैं। तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक देवी भी वार्ड 38 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। इस तरह चूरू में एक ही चुनाव में कई राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा जुड़ गई है।

सीकर में मंत्री के परिवार के चार सदस्य मैदान में

सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पत्नी शांति देवी खर्रा पंचायत समिति के वार्ड 17 से, छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा वार्ड 20 से भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा वार्ड 19 से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा जिला परिषद के वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों के चुनाव मैदान में होने से यहां मुकाबला खास चर्चा में है।

तीसरे चरण में भी भाजपा-कांग्रेस ने परिवारों पर लगाया दांव

तीसरे चरण में भी दोनों प्रमुख दलों ने कई नेताओं के परिजनों को चुनाव मैदान में उतारा। टोंक में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे मनीष सैनी जिला परिषद के वार्ड 20 से भाजपा प्रत्याशी हैं। इसी जिले में पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका बैरवा और निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा कांग्रेस की ओर से मैदान में हैं।

चित्तौड़गढ़ में निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर भाजपा प्रत्याशी हैं। भरतपुर में पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश की बेटी पूजा दुवेश और पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल की बेटी कनिका सिंह को भाजपा ने टिकट दिया है। बीकानेर में दिवंगत पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी कांग्रेस प्रत्याशी हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पत्नी पार्वती देवी खंडेला पंचायत समिति का चुनाव लड़ रही हैं।

विज्ञापन


यह भी पढें- राजस्थान कोर्ट की तल्ख टिप्पणी: पुलिस में बुनियादी समझ की कमी, आरोपी को सशर्त जमानत; दो एसएचओ की जांच के आदेश

चौथे चरण में कई जिलों में राजनीतिक परिवारों की परीक्षा

चौथे चरण में भी यह सिलसिला जारी है। बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान जिला परिषद के वार्ड 26 से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। उदयपुर में मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी के बेटे शातिलाल डांगी वार्ड 43 से चुनाव लड़ रहे हैं। बांसवाड़ा में बंशीलाल मीणा के बेटे दीपक मीणा और पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह शक्तावत के भतीजे ताराज सिंह झाला भी मैदान में हैं।

दौसा में पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी कांग्रेस प्रत्याशी हैं, जबकि सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल की मां शकुंतला देवी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। अजमेर में पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर की पत्नी कमलेश गुर्जर और भीलवाड़ा में पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी सरोज देवी गुर्जर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। झुंझुनूं में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की पुत्रवधू हर्षिणी भाजपा प्रत्याशी हैं।

परिवार की राजनीतिक पहचान कितनी आएगी काम?

पंचायत चुनावों में बड़े नेताओं के परिजनों की मौजूदगी के पीछे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक पकड़, कार्यकर्ताओं का नेटवर्क और परिवार की पुरानी पहचान जैसे कारक अहम माने जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के सामने अपने नेताओं के परिवारों को चुनाव जिताने की चुनौती है। इन उम्मीदवारों की जीत या हार का असर संबंधित नेताओं के स्थानीय प्रभाव को लेकर होने वाली राजनीतिक चर्चाओं पर भी पड़ेगा। 

इन चुनावों के नतीजे 20 नवंबर को आएंगे। इसके बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में भी राजनीतिक दलों की असली परीक्षा होगी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें