फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईएएस शिखर अग्रवाल मामला: प्रदूषण नियंत्रण मंडल तक पहुंची 40 विला की खरीद की जांच, एसीबी ने मांगी मंजूरियों की

Sat, 14 Nov 2026 02:47 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े करीब 40 विला और कॉटेज की खरीद के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जांच का दायरा बढ़ाया है। ब्यूरो ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल से उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान जारी पर्यावरणीय स्वीकृतियों और अनापत्ति प्रमाण पत्रों का रिकॉर्ड मांगा है। 
विज्ञापन
आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल तक आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े करीब 40 विला और कॉटेज की खरीद मामले की जांच पहुंच गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंडल से शिखर अग्रवाल के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान दी गई पर्यावरणीय स्वीकृतियों और अनापत्ति प्रमाण पत्रों की फाइलें मांगी हैं। ब्यूरो यह पता लगा रहा है कि उनके समय में किन व्यावसायिक योजनाओं को मंजूरी मिली और क्या किसी निजी फर्म को अनुचित लाभ देने के लिए नियमों में कोई ढील दी गई।
विज्ञापन


मंडल से रिकॉर्ड की मांग
जांच एजेंसी के अपर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र ने प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सचिव को पत्र भेजा था। इस पत्र के जरिये शिखर अग्रवाल के अध्यक्ष रहने के दौरान जारी तमाम अनापत्ति प्रमाण पत्रों, पर्यावरण स्वीकृतियों और उनसे जुड़ी पत्रावलियों की जानकारी तलब की गई है। शिखर अग्रवाल जुलाई 2023 से सितंबर 2024 के दौरान मंडल के अध्यक्ष पद पर तैनात रहे थे। ब्यूरो का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि इस समयसीमा में होटल, रिसॉर्ट और अन्य व्यापारिक परियोजनाओं को पर्यावरण संबंधी मंजूरियां किस प्रक्रिया के तहत दी गईं।

यह पूरा प्रकरण गोयल फैशंस प्राइवेट लि. से जुड़ा हुआ है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आईएएस अधिकारी और उनके परिजनों द्वारा उदयपुर तथा अलवर में खरीदे गए 40 विला और कॉटेज के सौदे की पड़ताल कर रहा है। इन संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 6.16 करोड़ रुपये बताया गया है। जांच टीम संपत्तियों की खरीद दर, उनके वास्तविक बाजार मूल्य और संबंधित कंपनी को मिले सरकारी फायदों का मिलान कर रही है। एजेंसी यह देख रही है कि सरकारी पद और प्रभाव का उपयोग करके कंपनी को कोई गैर-वाजिब फायदा तो नहीं पहुंचाया गया।
विज्ञापन


जांच के दायरे का विस्तार
प्रदूषण नियंत्रण मंडल से दस्तावेज मिलने के बाद इस मामले का दायरा केवल विला और कॉटेज की खरीद तक सीमित नहीं रहेगा। अब ब्यूरो शिखर अग्रवाल के कार्यकाल में मंडल से मंजूरी पाने वाली दूसरी निजी परियोजनाओं में भी नियमों के पालन की जांच कर सकता है। इसमें विशेष तौर पर गोयल फैशंस से जुड़ी परियोजनाओं की पर्यावरणीय स्वीकृतियां जांच के केंद्र में रहेंगी। एजेंसी की तरफ से रिकॉर्ड मांगना जांच प्रक्रिया का ही एक हिस्सा है। फिलहाल किसी भी तरह की अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है और दस्तावेज की गहन जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें