जयपुर की निम्स यूनिवर्सिटी में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य तिवारी की मंगलवार रात हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आदित्य हॉस्टल की 15वीं मंजिल से नीचे गिरा था, जिससे उसकी मौत हो गई। आदित्य लखनऊ, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और गार्नेक हॉस्टल में अपने दो रूम पार्टनर मयंक यादव और अंकित सिंह के साथ रहता था।
चंदवाजी थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:30 बजे छात्र के साथ घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। शव को निम्स अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। दो दिन से कॉलेज नहीं जा रहा था
पुलिस के मुताबिक घटना के समय आदित्य के दोनों रूम पार्टनर हॉस्टल के कमरे में नहीं थे। दोनों कॉलेज के बाहर गए हुए थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आदित्य पिछले दो दिन से कॉलेज भी नहीं जा रहा था। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, लेकिन वह लॉक है। मोबाइल की जांच के बाद ही पुलिस को घटना से जुड़े कुछ और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
रूम पार्टनर्स और दूसरे छात्रों से पूछताछ
चंदवाजी थाना पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस छात्र के हाल के व्यवहार, कॉलेज में उसकी गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी लेने में जुटी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमॉर्टम सहित आगे की कार्रवाई की जा रही है।