एग्जिट पोल को लेकर राजस्थान में घमासान मचा हुआ है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही एग्जिट पोल के आंकड़ों को नकार दिया है। कांग्रेस कम से कम 12 सीटें जीतने का दावा कर रही है जबकि बीजेपी सभी 25 सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने का भरोसा जता रही है। इन सबके बीच कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। पहले पोस्टल बैलेट और उसके बाद ईवीएम मशीनों से गणना शुरू होगी।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों को देखें तो कुल 13 से 28 राउंड की मतगणना होगी। जोधपुर लोकसभा क्षेत्र की जोधपुर विधानसभा में सबसे कम 13 राउंड और राजसमंद लोकसभा क्षेत्र की मेड़ता विधानसभा में सबसे अधिक 28 राउंड की मतगणना होगी। लोकसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सबसे कम 20 राउंड टोंक-सवाई माधोपुर और सबसे अधिक 28 राउंड राजसमंद लोकसभा क्षेत्र में होंगे।
लोकसभा क्षेत्रवार अधिकतम राउंड
गंगानगर : 21, बीकानेर : 21, चूरू : 22, झुंझुनूं : 26, सीकर : 21, जयपुर ग्रामीण : 22, जयपुर : 21, अलवर : 21, भरतपुर : 21, करौली-धौलपुर : 23 ,दौसा : 21, टोंक-सवाई माधोपुर : 20, अजमेर : 21, नागौर : 22, पाली : 23, जोधपुर : 24, बाड़मेर : 23, जालोर : 25 ,उदयपुर : 23, बांसवाड़ा : 27, चित्तौड़गढ़ : 23, राजसमंद : 28, भीलवाड़ा : 23 ,कोटा : 24 ,झालावाड़-बारां : 26 राउंड की गितनी होगी। इसके अलावा 3.72 लाख से अधिक पोस्टल बैलेट की भी गणना की जाएगी।
3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर, 1,200 एआरओ नियुक्त
ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इसी प्रकार पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे।
मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। मतगणना टेबल्स के लिए करीब 3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर और 1,200 से अधिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं।