झालावाड़ के पीपलोदी गांव के सरकारी स्कूल में हुए हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दुख जताते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव स्थित सरकारी स्कूल में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गंभीर चिंता जताई है। अमर उजाला से विशेष बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच करवा रही है और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि इस हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है और वह जल्द ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा, "चूक हुई है, यह स्पष्ट है, लेकिन यह चूक किस स्तर पर हुई शासनिक, तकनीकी या अन्य इसकी गहराई से जांच की जा रही है।" बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना और उन परिवारों को हरसंभव सहायता देना है जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है।
ये भी पढ़ें: पीड़ित परिजनों से मिलीं वसुंधरा राजे, कहा- मैं भी एक मां हूं, आपका दर्द समझती हूं
विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, “दुख की इस घड़ी में राजनीति करना शर्मनाक है। विपक्ष को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, न कि सस्ती राजनीति।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में पारदर्शिता और संवेदनशीलता से कार्य कर रही है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव राहत पहुंचाई जाएगी।