जयपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 35 वर्षीय महिला की फ्लैट में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को महिला के लिव-इन पार्टनर युवराज पर हत्या का शक है। घटना के बाद से ही वह फरार है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में टीमें लगाई हैं।
पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार, महिला पिछले काफी समय से युवराज के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी। दोनों मिलकर टिफिन सेंटर चलाते थे। बताया जा रहा है कि युवराज शादीशुदा था, लेकिन अपनी पत्नी से अलग रहकर महिला के साथ रह रहा था।
झगड़े के बाद हत्या का शक
थानाधिकारी कविता यादव ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान युवराज ने किसी भारी वस्तु से महिला पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के पूरे कारणों की जांच की जा रही है।
आरोप है कि महिला की हत्या के बाद युवराज शव को फ्लैट में छोड़कर फरार हो गया। सोमवार सुबह करीब दस बजे पड़ोस में रहने वाले लोगों को कमरे में महिला की लाश पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढें-
राजस्थान: बराला की एफआईआर पर आर-पार को तैयार, रातभर धरने के बाद कांग्रेस का अचानक जयपुर कूच का ऐलान
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश
सूचना मिलने पर पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अब युवराज की तलाश कर रही है। जांच में विवाद की वजह और महिला की मौत से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।