राजधानी में शुक्रवार को चुनावी हलचल के साथ साहित्य, विचार और खरीदारी से जुड़े आयोजन भी होंगे। जिले की 112 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान जारी है। वहीं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विभागीय बैठकों में योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा जयपुर डायलॉग्स के वार्षिक उत्सव और दिवाली-वेडिंग प्रदर्शनी की भी शुरुआत होगी।
112 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए मतदान
जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों की 112 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार सुबह 7 बजे से पंच और सरपंच पदों के लिए वोटिंग शुरू हो गई। इनमें अमरसर, आमेर, जालसू, रामपुरा-डाबड़ी और शाहपुरा पंचायत समितियां शामिल हैं। मतदाता शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान पूरा होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना होगी। देर रात तक नतीजे आने की संभावना है।
मुख्य सचिव लेंगे विभागीय कामकाज की समीक्षा
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शुक्रवार को कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सुबह 9:30 बजे डीजी एसीबी के साथ बैठक होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे देवस्थान विभाग और 11:30 बजे जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के कामकाज की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 बजे वे एचसीएम रीपा में डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट पर आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे।
आज से तीन दिन तक जयपुर डायलॉग्स
होटल क्लार्क्स आमेर में शुक्रवार से जयपुर डायलॉग्स एनुअल फेस्टिवल 2026 शुरू होगा। एक नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश से आए वक्ता विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आयोजन के टिकट 999 रुपये से शुरू हैं।