जयपुर सहित राजस्थान के कई शहरों के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे वाराणसी और साबरमती के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू कर रहा है। इस रेलसेवा से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन आसान होगा। जयपुर, अजमेर, ब्यावर और भरतपुर सहित प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को वाराणसी जाने के लिए एक और ट्रेन का विकल्प मिलेगा।
नई ट्रेन की शुरुआत के मौके पर 30 अक्टूबर 2026 को साबरमती से वाराणसी के लिए उद्घाटन स्पेशल चलाई गई। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09405 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट उद्घाटन स्पेशल शुक्रवार सुबह 10:30 बजे साबरमती से रवाना हुई। इसके अगले दिन सुबह 11:40 बजे वाराणसी पहुंचने का समय निर्धारित है।
जयपुर समेत राजस्थान के इन स्टेशनों पर ठहराव
नई रेलसेवा गुजरात से राजस्थान होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। राजस्थान में इसके ठहराव आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महुआ रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर में होंगे।
राजस्थान के इन स्टेशनों से यात्री वाराणसी के साथ रास्ते में आने वाले दूसरे प्रमुख शहरों तक भी सफर कर सकेंगे। ट्रेन महेसाना और पालनपुर होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। इसके बाद आगरा, टूंडला, गोविन्दपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर से होकर वाराणसी पहुंचेगी।
यह भी पढें-
राजस्थान: आरएएस अधिकारी पंकज ओझा को भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट मामले में चार्जशीट, 15 दिन में मांगा जवाब
उद्घाटन स्पेशल में होंगे 22 डिब्बे
रेलवे के मुताबिक, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए गए हैं। इनमें एक फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, छह स्लीपर और चार जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं। इनके अलावा एक गार्ड कोच और एक पावरकार भी रहेगी। नई दैनिक रेलसेवा से जयपुर, अजमेर, ब्यावर और भरतपुर जैसे शहरों के यात्रियों को वाराणसी और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।