राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना इलाके में गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में 32 वर्षीय युवक प्रकाश खिंची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रकाश के बड़े भाई विक्रम सिंह खिंची राजस्थान उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में वकीलों ने भी पुलिस स्टेशन पहुंचकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया।
होटल के कमरे में मिली ड्रिप से बढ़ा संदेह
परिजनों और वकीलों ने घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों के अनुसार, जब प्रकाश का शव होटल के कमरे से बरामद हुआ, तब उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और ड्रिप चढ़ रही थी। इसके अलावा मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। वकीलों ने सवाल उठाया कि यदि प्रकाश कमरे में अकेले थे तो उनके हाथ में ड्रिप किसने और कब लगाई। घटना के समय कमरे में कौन-कौन मौजूद था, इसकी गहन जांच की मांग की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि किसी ने हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है।
परिजनों से छिपाकर आगरा से जयपुर आया था युवक
परिजनों ने जानकारी दी कि प्रकाश कुछ दिन पहले ही आगरा से जयपुर आए थे और उन्होंने गांधीनगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ब्लू शाइन होटल में कमरा लिया था। परिवार के सदस्यों को उनके जयपुर आने की सूचना नहीं थी।जांच के दौरान होटल कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए हैं। होटल कर्मचारियों ने परिजनों को बताया था कि प्रकाश चेकआउट कर चुके हैं, लेकिन परिजन जब होटल पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला और भीतर उनका शव पड़ा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रकाश किन परिस्थितियों में जयपुर पहुंचे थे और होटल में वे किन लोगों के संपर्क में थे।
ये भी पढ़ें-
‘मुझे योजनाबद्ध तरीके से सीजे बनने से रोका’: रिटायर्ड जज संजीव शर्मा का पलटवार, मानहानि केस की मांगी अनुमति
व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट और तस्वीर भेजने का दावा
घटनाक्रम के दौरान प्रकाश के मोबाइल फोन से उनके भाई के व्हाट्सएप पर एक सुसाइड नोट और चोटिल अवस्था की तस्वीर भेजे जाने का दावा सामने आया है। पुलिस को होटल के कमरे से भी एक सुसाइड नोट प्राप्त हुआ है। पुलिस प्रशासन इस पत्र की प्रामाणिकता और उससे जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल कर रहा है। इसके साथ ही परिजनों ने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने प्रकाश से पैसे लिए थे। पुलिस इस पैसों के लेन-देन के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। होटल कर्मचारियों और प्रकाश के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ जारी है।