पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगे। शनिवार, 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। इस चरण में बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ और आंधी की 140 ग्राम पंचायतों के 446 मतदान केंद्रों पर चुनाव कराया जाएगा।
मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण सुबह 9 बजे से श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में होगा। प्रशिक्षण के बाद निर्वाचन सामग्री और ईवीएम सहित अन्य जरूरी सामान लेकर टीमें मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। प्रशासन ने मतदान दलों की रवानगी, वाहनों की पार्किंग और सामग्री वितरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
चार पंचायत समितियों में कहां कितने बूथ?
चौथे चरण में चार पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इनमें बस्सी में सबसे ज्यादा 145 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पंचायत समितिवार मतदान केंद्रों की स्थिति इस प्रकार है।
- बस्सी : 42 ग्राम पंचायतें, 145 मतदान केंद्र
- तूंगा : 24 ग्राम पंचायतें, 74 मतदान केंद्र
- जमवारामगढ़ : 42 ग्राम पंचायतें, 129 मतदान केंद्र
- आंधी : 32 ग्राम पंचायतें, 98 मतदान केंद्र
कल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं पंच और सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी।उपसरपंच पद के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा।जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।
यह भी पढें-
राजस्थान: टीकाराम जूली के निशाने पर सरकार, बोले- जश्न की तैयारियों में जनता हाशिये पर,अपराधियों के हौसले बुलंद
शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन अलर्ट
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने अधिकारियों को मतदान दलों की रवानगी, परिवहन, निर्वाचन सामग्री वितरण और प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सभी निर्वाचन कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए जिम्मेदारी से काम करने को कहा गया है।